नेशनल हाईवे पर फैला गहरे गड्ढों का जाल, यात्रियों के लिए बना काल

कछौना (हरदोई) : सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी थी, सड़कों के गड्डे आतंकवादी से ज्यादा खतरनाक होते हैं। यह बात लखनऊ पलिया मार्ग पर संडीला से हरदोई तक सैकड़ों गहरे गहरे गड्ढे तस्वीर पेश कर रहे हैं। जिसके चलते आए दिन राहगीर चुटहिल हो रहे हैं। यहां तक जान की कीमत भी चुका रहे हैं।

बताते चलें लखनऊ पलिया नेशनल हाईवे मुख्य मार्ग है, जो प्रदेश की राजधानी को जोड़ता है। यह मार्ग वर्तमान समय में एनएचएआई के अधीन है। संडीला से हरदोई तक अभी तक फोरलेन चौड़ी करण का कार्य अधूरा पड़ा है। जिस का बजट स्वीकृत होने के बाद भी कार्य अधर में लटका है। इस मार्ग से जनप्रतिनिधि शासन/प्रशासन के जिम्मेदार लोग, इमरजेंसी वाहन व हजारों वाहनों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। शायद इस मार्ग पर किसी की नजर पड़ती हो, इस मार्ग पर पेप्सी प्लांट के सामने, ग्राम टुटियारा के पास, चिरकहटी के पास, खजूरमई के पास, हरदोई शहर से पहले न्यूहाईएस्ट स्कूल के सामने आदि सैकड़ों स्थानों पर गहरे गहरे गड्ढे है । इन गड्ढों की चपेट में आने से आए दिन हादसे होते हैं, कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इन गड्ढों को सही करने हेतु जागरूक नागरिक ने दर्जनों बार शासन प्रशासन से शिकायत की, परंतु किसी ने सुध लेना मुनासिब नहीं समझा है । जनप्रतिनिधियो, शासन, प्रशासन के जिम्मेदारों को लग्जरी गाड़ियों में हिचकोले नहीं लग रहे है।इसीलिए आम नागरिकों का दर्द एहसास नहीं है। शासन प्रशासन की अनदेखी का खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ रहा है।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता