हिस्ट्रीशीटर के द्वारा शस्त्र लाइसेंस लेने के मामले में पाली पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में 

                   हिस्ट्रीशीटर के द्वारा धोखाधड़ी कर शस्त्र लाइसेंस लेने के मामले में भले ही रिपोर्ट दर्ज कर दी गयी हो लेकिन पाली पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। सवाल यह उठ रहे हैं कि जिस थाने में एक व्यक्ति पर 11 आपराधिक मामले दर्ज हो, हिस्ट्रीशीट भी खुली हो उसके बावजूद भी दो लाइसेंस कैसे बन गए । भले ही यह लाइसेंस कानपुर व प्रतापगढ़ से जारी हुए है लेकिन जांच तो पाली पुलिस के पास आई होगी । उसने नाम में हेरफेर किया था लेकिन पिता का नाम तो वही दर्ज है, ऐसे में पाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल अवश्य उठता है और अब पुलिस का कहना है कि यह असलहों के बल पर भू-माफिया बना है जो अपने आप में संदिग्ध है ।
                  पाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर पर धोखाधड़ी कर शस्त्र लाइसेंस लेने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। ये रिपोर्ट डीएम के निर्देश पर हुई है। इसके विरुद्ध 11 आपराधिक मामले दर्ज है फिर भी दो लाइसेंस बन गए। इनमें कानपुर व प्रतापगढ़ से रिवाल्वर व रायफल के लाइसेंस जारी हुए है।मामले की डीएम से शिकायत हुई थी और शिकायत के बाद हुई जांच में मामला उजागर हो गया। डीएम के आदेश के बाद पाली में एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस की यह रिपोर्ट है कि आरोपी असलहों के बल पर भू-माफिया बना है। हालांकि इस मामले में पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध है कि इतने मुकदमे लिखे होने के बाद आखिर सही आख्या कैसे लगाई गई । हालांकि अब मामले में शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है ।
                  मामला हारदोई के पाली का है। यहां थाना क्षेत्र के मोहल्ला सैफ सराय निवासी कृष्ण बिहारी की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि हरिनिवास निवासी बेनीगंज थाना पाली ने कूटकरण कर फर्जी नाम से शस्त्र लाइसेंस जारी करवाया, जिसमें उसका नाम बांकेलाल पुत्र सत्यदेव निवासी बेनीगंज है । जबकि उसका असली नाम हरिनिवास है जो खतौनी व वोटर लिस्ट में दर्ज है । इसी नाम से उसके ऊपर पाली थाना सहित जिले के अन्य थानों में 14 से 15 मामले दर्ज हैं । इन मामलों में गुंडा एक्ट, भू-माफिया आदि शामिल हैं । उसने गैर जनपद से फर्जी नाम के सहारे एक राइफल और एक रिवाल्वर का लाइसेंस जारी करा लिया । उसको जिले के शस्त्र अनुभाग में भी दर्ज करा लिया । वह शस्त्रों के बल पर क्षेत्र में लोगों की जमीन पर कब्जा कर रहा है । इससे लोगों में भय व्याप्त है । उसके शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर कार्रवाई की जाए । डीएम के निर्देश पर हरिनिवास के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है । एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया मामला दर्ज कर जांच की जा रही है ।