सांडी विधायक प्रभाष ने हरदोई से संकिसा और नैमिषारण्य को टूरिस्ट कॉरिडोर द्वारा जोड़ने की मांग की

राघवेन्द्र कुमार राघव-

सीतापुर जनपद के विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक और धार्मिक स्थल नैमिषारण्य और फर्रुखाबाद के प्रसिद्ध बौद्ध धर्म स्थल संकिसा को नवीन पर्यटन सर्किट द्वारा हरदोई से जोड़ने की सांडी विधायक प्रभाष कुमार ने आवाज उठाई है । इस सम्बन्ध में आज मन्त्री रीता बहुगुणा जोशी को प्रभाष ने पत्र भी सौंपे हैं ।

विदित हो कि हरदोई भी प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में पहचान रखता है । हरदोई जनपद में तो कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हैं ही वहीं कई शहर में या इससे जुड़े हुए हैं । हरदोई का प्राचीन मन्दिर और शक्तिपीठ श्रावणदेवी मन्दिर, प्रह्लाद कुण्ड, शिव मंदिर सकाहा, प्रसिद्ध राजघाट आदि विशिष्ट पहचान रखते हैं । नैमिषारण्य और संकिसा गैर जनपदों के होने के बावजूद हरदोई से जुड़े हुए हैं । हरदोई शहर से लगा साण्डी पक्षी विहार और दहर झील भी पर्यटन की दृष्टि से वैशिष्ट्य रखती है । साथ ही यहाँ से दोनों स्थलों के लिए एक ओर जहाँ साधनों की सुविधा है वहीं सीधा सड़क मार्ग भी है । ये सारी सहूलियतें और स्थितियां हरदोई को पर्यटन हब बनाने के लिए मजबूत आधार मुहैया कराती हैं । इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए चहुमुंखी विकास के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले साण्डी विधायक प्रभाष कुमार ने हरदोई – संकिसा – नैमिषारण्य को नवीन टूरिस्ट सर्किट के रूप में विकसित करने की मांग की है । इसके साथ ही साण्डी पक्षी विहार स्थित राजकीय अतिथिगृह के जीर्णोद्धार के संबंध में भी पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी को पत्र सौंपा है ।