हरदोई: संडीला-बेनीगंज-प्रतापनगर मार्ग की हालत खस्ता बनी हुई है। 49 करोड़ 97 लाख 11 हजार की स्वीकृति के बाद भी अभी तक मार्ग का चौड़ीकरण नहीं हो पाया है। जबकि मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को यात्रा में धक्के खाने पड़ रहे हैं।
विदित हो कि लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधीन आने वाले संडीला-बेनीगंज-प्रतापनगर तक 29.43 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन की ओर से 49 करोड़ 97 लाख 11 लाख रुपये की कार्ययोजना को शासन ने स्वीकृति दी है, जबकि अभी तक मार्ग का चौड़ीकरण ही नहीं हो पाया है और पुराना मार्ग भी क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को सफर के दौरान दिक्कत उठानी पड़ रही हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहा है। ऐसे में लोगों में क्षतिग्रस्त मार्ग को लेकर रोष पनप रहा है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय वर्मा का कहना है कि स्वीकृत के सापेक्ष अब तक 10 करोड़ 83 लाख रुपये ही जिले को आवंटित हुए है। जबकि फर्म की ओर से हाटमिक्स प्लांट की स्थापना के लिए 15 फीसद राशि रिजर्व रहती है और फर्म ने प्लांट लगवा भी लिया है। 15 किलोमीटर तक चौड़ीकरण कराया गया है। वहीं शासन से धनराशि न मिलने से कार्य ठप पड़ा है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर गड्ढामुक्त या नवीनीकरण के लिए कोई बजट जारी नहीं हुआ है।
घोटाले का आरोप : बेनीगंज कस्बा बेनीगंज निवासी सुनील वैश्य का कहना है कि आरटीआइ के तहत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने उन्हें जानकारी दी है कि उक्त मार्ग के लिए 4997.11 लाख रुपये की स्वीकृति हुई है और कार्य एक फर्म की ओर से कराया जा रहा है। सुनील का कहना है कि मार्ग पर कार्य ठप पड़ा है और राशि भी खर्च कर ली गई है और ऐसे में मार्ग निर्माण् के नाम बड़ा घोटाला किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच एवं कार्रवाई की भी मांग की है।