रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि रेलगाडि़यों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपने मंत्रालय की चार वर्ष की उपलब्धियों के बारे में नई दिल्ली में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए श्री गोयल ने कहा कि रेलवे के विकास और आधुनिकीकरण के लिए बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है। श्री गोयल ने कहा कि एक लाख करोड़ रूपये की लागत से राष्ट्रीय रेल सुरक्षा कोष बनाया गया है, ताकि सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए और अधिक धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।
सेफ्टी के लिए बहुत बड़े पैमाने पे एक रेल सुरक्षा कोष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के समय में शुरू हुआ। उसके बाद दस वर्ष तक इसमें अधिक खर्चा न होने के कारण कई ऐसी सुरक्षा से संबंधित चीजें जो अनिवार्य थी उसपे काम नहीं किया गया। हमने उस सब को बल दिया है और उसका सदुपयोग करके टेक्नॉलोजी से जोड़ा जा रहा है हमारी मेंनटेनेंस वर्कशॉप्स को। रेलमंत्री ने बताया कि 2013-14 के दौरान 118 रेल दुर्घटनाएं हुईं, जबकि 2017-18 में इनमें 62 प्रतिशत की कमी आई है।