मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘सीजीडी बोली प्रक्रिया’ कार्यक्रम में कहा कि बिडिंग राउंड के रोड शो कार्यक्रम में आप सभी का अभिनंदन करने में हमें अपार हर्ष की अनुभूति हो रही है । यह एक अभूतपूर्व अवसर है । जब तक उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर नहीं होगा तब तक भारत भी विकास के उस लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकता जिसको लेकर अक्सर चर्चाएं होती हैं और इसलिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास के क्षेत्र में जो नए कार्यक्रम घोषित किए, उस दृष्टि से उत्तर प्रदेश को फोकस करते हुए विकास के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है ।
श्री योगी ने कहा कि मैं धन्यवाद दूंगा श्री धर्मेंद्र प्रधान जी को, एक सकारात्मक सोच के साथ उन्होंने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को आगे बढ़ाने और इन चार वर्षों में जो कीर्तिमान स्थापित किए हैं, वो अद्भुत हैं, अभिनंदनीय हैं । उनके इन प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं । प्रदेश के अंदर इंवेस्टमेंट फ्रेंडली माहौल बनाने के लिए जितने भी नियमों में संशोधन हो सकता है या सरलीकरण हो सकता है, हमने उसे करने का प्रयास किया है । जिनको ईंधन के लिए भटकना पड़ता था, मेहनत करनी पड़ती थी। आज उन्हें आसानी से रसोई गैस का कनेक्शन प्रदान किया गया है जिससे उपभोक्ता को एक स्टेटस सिंबल व सुरक्षित माहौल मिला है । प्रदेश के अंदर निवेश करने वाले सभी उद्यमियों को सुरक्षित व निवेश के अनुकूल माहौल देने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है । जनपदों के लिए नौवें दौर की बिडिंग प्रक्रिया आरंभ होने जा रही है, जिसके लिए रोड शो का आयोजन किया गया है। इसके माध्यम से घरेलू व औद्योगिक ईंधन की दृष्टि से भी काफी सहूलियतें मिलेंगी ।