


बुधवार को शिक्षक दिवस के मौके पर गायत्री प्रज्ञा पीठ पिहानी में शिक्षक सम्मान समारोह में क्षेत्र के सम्मानित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी व मुख्य अतिथि उमाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। गायत्री परिवार के सदस्यों अनिल राठौर, प्रदीप आदि ने माल्यार्पण व तिलक करके उनका स्वागत किया। वैदिक मंत्रों के साथ सभी शिक्षकों का भी मंगल-तिलक करके स्वागत किया गया। तत्पश्चात व्यवस्थापक देवेंद्र मिश्रा ने बृजनंदन वर्मा के साथ संगीत की सुर लहरियों पर गुरु-वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ मुजाबिर हुसैन जैदी ने गुरु-महिमा का बखान किया। शिक्षक अरुण कुमार शुक्ल ने शिक्षक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहाकि शिक्षक एक सभ्य और सुसंगठित समाज की आधारशिला है। समाज की वास्तविक स्थितियों से एक बच्चे का सरोकार शिक्षक ही करवाता है और हर स्थिति के लिए उसे तैयार करने का काम करता है। शिक्षक श्यामाकुमार मिश्र ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन गायत्री परिवार के प्रमुख ट्रस्टी अतुल कपूर ने किया। मुख्य अतिथि व सीओ उमाशंकर सिंह ने सभी शिक्षकों को साहित्य, प्रशस्ति-पत्र दिया व शाल ओढ़ाकर उन्हें सम्मान दिया। कार्यक्रम में कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सुनील राठौर, फूल सिंह यादव, संजय सिंह, प्रशांत यादव आदि ने व्यवस्थाएं देखीं।