आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
● आज भक्तों की अपार भीड़ और सबसे पहले भगवान्-दर्शन करने की होड़ मे भगदड़ मचने से खाटूश्याम मे भक्तगण एक-दूसरे को रौंदते हुए बढ़ते रहे; ३ महिलाओं को भक्तों ने कुचलकर मार डाला।
● इन्दौर मे काँवरियों के दो दलों के बीच कानफाड़ू डी० जे० पर नाचने-गाने और उछल-कूद की ऐसी प्रतिस्पर्द्धा शुरू हुई थी कि अपने-अपने वाहन मे खड़े होकर गहन भक्तिभावना मे डूब जाने के कारण शिवभक्तगण विदेह-से दिखने लगे थे। उसी मार्ग से दौड़ाये गये ११ हज़ार किलोवाट की बिजली की तार की चपेट मे आकर १ काँवरिया अपनी जीवनलीला समाप्त कर चुका है; चार काँवरियों को गम्भीरावस्था मे चिकित्सालय मे भेजा गया है।
● सिकन्दरा, आगरा के थानाप्रभारी आनन्दकुमार साही ने अपने जन्मोत्सव के अवसर पर शिवलिंग पर ‘केक’ चढ़ाकर अपने भीतर की परम भक्ति का सुपरिचय दिया है।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ८ अगस्त, २०२२ ईसवी।)