हरदोई 04 नवंबर- गैर जनपद के विधायक की तेज रफ्तार स्कार्पियो कार सामने से सवारियों को भरकर जिला मुख्यालय आ रही टैंपों ने टकरा गई। जिससे टैंपों मौके पर पलट गया और चालक समेत बैठे 6 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने एमएलए व उनके साथियों को घेर लिया। लेकिन कार छोड़कर एमएलए मौके से फरार हो गए। स्कार्पियो ग्रामीणों के कब्जे में है।
हादसा रविवार की सुबह कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाहजहांपुर मार्ग पर खेड़ा गांव के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार खेरिया से सवारियां भरकर टैंपों जिला मुख्यालय निकला था। जिसे कौंढ़ा गांव निवासी गुड्डू अली (43) पुत्र फैजुल्ला चला रहा था व टैंपो मालिक शहर के पिहानी चुंगी बढै़यनपुरवा निवासी जयप्रकाश (30) पुत्र रामप्यारे समेत सवारियों में मुरली (40) पुत्र छोट्टा निवासी कौंढ़ा, मनोज (32) पुत्र गोकरन निवासी सेवा कोतवाली देहात, साबिर (55) पुत्र याकूब निवासी अंबरपुरवा बेहटा गोकुल, उत्तम सिंह (30) पुत्र संतराम बैठे थे। इसी बीच अमेठी से शाहजहांपुर की ओर स्कार्पियों से जा रहे एमएलए की कार ने टैंपों में टक्कर मार दी। जिससे टैंपों सड़क किनारे पलट गया। उसमें सवार सभी लोग नीचे दब गएं आनन-फानन मौके पर काफी संख्या में इलाकाई लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालने का प्रयास करते हुए एमएलए को घेर लिया। हालांकि उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने एमएलए को बीच में करते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर जिले के जनप्रतिनिधि को फोन कर दूसरी गाड़ी मंगवाते हुए उसमें बिठाकर रवाना कर दिया। इधर घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर एक की हालत गंभीर बनी हुई है। एमएलए के नाम की जानकारी खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को कब्जे में ले रखा है। घटना से ग्रामीण व घायलों के परिजन आक्रोशित नजर आ रहे हैं।