सिद्धान्त सिंह :
लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो मायावती को बड़ा झटका लगा है बीएसपी के बागी 6 विधायकों ने सपा का दामन थाम लिया है। समाजवादी पार्टी भी पूरी सक्रियता के साथ पार्टी को मजबूत करने में लगी हुई है। दूसरे दलों के नेताओं को अपने खेमे में ला रही है। तमाम नेता अपनी पार्टी छोड़कर सपा जॉइन कर रहे हैं। शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी के सीतापुर सदर विधायक राकेश राठौर और बसपा के 6 बागी विधायकों ने साइकिल की सवारी कर ली है।
ये विधायक सपा में हुए शामिल
लंबे वक्त से बीएसपी के बागी विधायकों की सभा में जाने की चर्चा थी सपा जॉइन करने वाली बीएसपी विधायकों में असलम राइनी (भिनगा, श्रावस्ती), असलम अली चौधरी (ढोलाना, हापुड़), मुजतबा सिद्दीकी (प्रतापपुर, प्रयागराज), हाकिम लाल बिंद (हांडिया, प्रयागराज), हरगोविंद भार्गव (सिधौली, सीतापुर) और सुषमा पटेल (मुंगरा बादशाहपुर) शामिल हुए। विधायकों में बीजेपी के राकेश राठौर (सदर सीतापुर) ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इस दौरान सभी विधायकों ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की सराहना करते हुए 2022 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का दावा किया है।
जो कांग्रेस है वही बीजेपी है और जो बीजेपी है वही कांग्रेस है
इस दौरान अखिलेश यादव ने सभी विधायकों का स्वागत करते हुए कहा कि बहुत लोग हैं जो सपा में शामिल होना चाहते हैं। कांग्रेस के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि समाजवादियों का यही मानना है कि जो कांग्रेस है वही बीजेपी है जो बीजेपी है वही कांग्रेस है। इस चुनाव में भाजपा का सफाया होना तय है। उन्होंने कहा कि दिवाली पर अपना घर साफ सुथरा कर ले, जाले हटा लें और कहीं धुंए के निशान हो तो मिटा दें क्योंकि नई सरकार आने वाली है।
महिलाओं, बेटियों के साथ अन्याय की जिम्मेदार बीजेपी
सपा सुप्रिमो ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बीजेपी के सांसद, विधायक पीटे जा रहे हैं। भारत सरकार के आंकड़े, डायल 100 के आंकड़े और 1090 के आकड़ो से पता चलेगा कि सबसे ज्यादा महिलाओं, बेटियों के साथ अन्याय उत्तर प्रदेश में हो रही है और इसकी जिम्मेदार भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। जिस सरकार ने विकास न किया हो। सरकार सिर्फ प्रचार प्रसार में व्यस्त है। बीजेपी की सरकार ने सबसे ज्यादा झूठ बोला है। इस सरकार के आने से जनता में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है सिर्फ उन्हें परेशान किया गया है। इस बार जनता वोट डालकर इनका सफाया करेगी और 2022 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।