सामाजिक संगठनों ने डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता की मुहिम छेड़ी

कछौना (हरदोई) : वर्तमान समय में वेक्टर जनित रोग मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड कस्बे में तेजी से फैल रहा है। डेंगू से लगभग 8 मौतें हो चुकी हैं। प्रत्येक परिवार का कोई न कोई सदस्य बुखार से पीड़ित है।

सोमवार को सामाजिक संगठनों ने आगे आकर आम-जनमानस को डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता की मुहिम छेड़ी है। जानकारी ही बचाव है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम व नगर पंचायत की टीम ने कस्बे के मोहल्ला ठाकुरगंज में सामाजिक संगठनों के वॉलिंटियर्स के साथ घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण व एंटीलॉग छिड़काव व ब्लीचिंग का कार्य युद्ध स्तर पर किया। घरों के अंदर रखे कूलर, फ्रिज का पानी साफ कराया। टीम के इस कदम से लोगों ने जागरूक होकर स्वंय कूलर, फ्रिज, गमला आदि में सफाई कार्य शुरू कर दिया। स्वास्थ्य टीम द्वारा जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।

मोहल्लावासियों ने बताया प्रशासन समय से पहले चेत जाता तो शायद स्थिति इतनी खराब नहीं होती । स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुपरवाइजर वसीम मलिक के नेतृत्व में गलियों में छिड़काव किया। गंदगी वाले स्थानों पर सफाई अभियान की शुरुआत की । स्वयंसेवी वॉलंटियर्स दिनेश दीक्षित के नेतृत्व में अनूप सिंह , दुष्यंत सिंह, शिव नारायण सिंह, दुर्गेश गुप्ता, पंकज त्रिपाठी ने अपना सहयोग दिया। यह संयुक्त अभियान अनवरत रूप से जारी रहेगा, जब तक डेंगू से जंग न जीत लें। नगर पंचायत द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार प्रत्येक दिन संयुक्त टीम वार्डों में जाएगी, आम जनमानस बढ़-चढ़कर टीम का आगे आकर सहयोग कर रहे हैं।

बुखार से पीड़ित परिवारों की स्वास्थ्य टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क इलाज व जांच कराई जा रही है। मोहल्लेवासियों ने बताया मोहल्ला के निकट गूठेला तालाब है जिसमें पूरे मोहल्ले के घरों का पानी आता है। जिसमें जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हमेशा गंदा पानी भरा रहता है। पूरे तालाब में जलकुंभी हैं। कभी इस तालाब में धोबी समाज के लोग कपड़े धोते थे, यहां तक नहाते भी थे लेकिन यह तालाब अब गन्दगी हब बन गया है। जिससे संक्रामक रोग तेजी से फैल रहे हैं। मोहल्ले वासियों ने इस तालाब की जल निकासी व साफ-सफाई व सुंदरीकरण की पुरजोर तरीके से मांग की हैं। स्वास्थ्य विभाग से देश दीपक मिश्रा, सुरेंद्र कुमार, धीरेंद्र कुमार, कर्ण सिंह, डॉ० वंदना सिंह, शिवम, राखी सहित आर०बी०एस० के टीम प्रभारी अधीक्षक डॉ० किसलय बाजपेयी के नेतृत्व में इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाई।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता