शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों तथा गर्भवती को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में आगामी सात मार्च से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाकर नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों और गर्भवती का टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान तीन चरणों में चलेगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. ओम प्रकाश तिवारी ने जनपद के एक होटल में आयोजित प्रशिक्षकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान में वह भी लाभार्थी प्रतिरक्षित किए जाते हैं, जो घुमंतू जिन्दगी जीते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के दौरान या अन्य कारणों से जो बच्चे व गर्भवती नियमित टीकाकरण से वंचित रह गए हैं, उन सभी के टीकाकरण के लिए शासन से दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रशांत रंजन ने बताया है कि तीन चरणों में चलने वाले सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का प्रथम चरण सात मार्च से शुरू होगा। इस दौरान हाई रिस्क एरिया,मलिन बस्तियों, रिक्त उपकेन्द्र, दूर दराज के क्षेत्र जहां टीकाकरण कम हुआ है या टीकाकरण से छूटे हुए बच्चे हैं वहाँ पर सत्र लगाया जाएगा तथा छूटे हुए बच्चों को शत प्रतिशत प्रतिरक्षित किया जाएगा।
विधान सभा चुनाव की मतगणना होने की वजह से 10 मार्च को टीकाकरण की गतिविधियां नहीं हो पायेंगी। सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान का दूसरा चरण चार अप्रैल से तो तीसरा चरण दो मई से चलेगा। सघन मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने में धर्मगुरूओं के साथ बैठक कर उनसे सहयोग लिया जाएगा। जिला, ब्लाक और उप केन्द्र स्तर पर कम्युनिकेशन प्लान बनाया जाएगा। इसके अलावा ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, संभ्रांत व्यक्तियों से भी सहयोग लिया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान में जन्म के समय बीसीजी, पोलियो और हेपेटाइटिस बी, शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों को पेंटावैलेंट, रोटा वायरस, ओपीवी, रोटा वैक्सीन, आईपीवी, मिजिल्स रूबेला, विटामिन.ए, डीपीटी बूस्टर डोज, जेई बूस्टर डोज और डीपीटी बूस्टर ओपीवी, पीसीवी के टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा अभियान में गर्भवती को टीडी का टीका लगाया जाएगा।
इस मौके पर सभी सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक, यूनिसेफ़ की प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।