बिलग्राम, हरदोई :– कोतवाली बिलग्राम के अन्तर्गत ग्राम बैफरिया में बीती रात रेखा देवी पत्नी सुधीर उम्र 32 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । बताया गया है कि सुधीर पुत्र गया लाल का रेखा से प्रेम विवाह हुआ था । रेखा उन्नाव जिले में फत्तेपुर चौरासी के ग्राम गाजीपुर की रहने वाली थी । दोनों प्रेम विवाह से खुश होकर जिंदगी गुजार रहे थे ।
अभी कुछ महीने पहले सुधीर का भाई सहदेव अपने ही गांव की एक लड़की को लेकर रफूचक्कर हो गया। जिस से नाराज लड़की के परिजनों ने सुधीर तथा सहदेव के विरुद्ध कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया जिसके चलते पुलिस ने दोनों भाइयों को जेल भेज दिया था ।
कुछ दिन पहले ही सुधीर पुत्र गयालाल पांच महीने की सजा काट कर एक तारीख को जमानत पर जेल से बाहर आया था बीती रात को वो गांव की एक शादी में शामिल होने के लिए गया था । जब वो देर रात लगभग एक बजे शादी से लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर कर आत्म हत्या कर ली है ।
घटना की खबर मृतका के परिजनों को मिली तो वह भी घटनास्थल पर आ गए और मृतका के पति सुधीर पर हत्या करने का आरोप लगाने लगे। खबर पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने परिजनों को समझाते हुए शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही के बाद शव विच्छेदन गृह भेज दिया। मृतका की एक 5 साल की छोटी बेटी है जिसका नाम प्रियांशी है