विवाहिता समेत दो के फंदे पर लटकते मिले शव 

       हरदोई– शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धन्नूपुरवा में एक विवाहिता का शव घर में दुपट्टे से लटकता मिला। वहीं सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में एक युवक ने पेट दर्द से परेशान होकर घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
       शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धन्नूपुरवा निवासी रुकसाना (19) पत्नी सलीम ने बुधवार की दोपहर घर के अंदर कमरे में दुपट्टे से फांसी लगा ली। घटना के संबंध में मृतका के पति ने बताया कि वह दूध डेरी का काम करता है। बुधवार दोपहर वह काम से चला गया था। शाम को जब वह घर वापस आया तो रुकसाना का शव कमरे में लटक रहा था। जिसके बाद उसने इसकी सूचना रुकसाना के पिता रईस निवासी बहरा सौदागर पूर्वी को दी। मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 27 फरवरी को की थी, लेकिन घटना के कारण से उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कोई आरोप नहीं लगाया है।
वहीं सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर निवासी सोनू (19) पुत्र परशुराम दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। पिता के अनुसार उनकी पत्नी कौशल कुमारी की 10 वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। उनके दो बेटे अमित और सोनू थे और एक बेटी सरला की शादी हो चुकी है। दोनों बेटे दिल्ली में रहते थे। तीन माह पूर्व स्वास्थ्य बिगड़ने पर सोनू घर चला आया था और तब से घर पर ही था। बुधवार को उनके साले प्यारे लाल निवासी पनुआपुर की मौत हो गई थी और वह उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। देर शाम जब वह घर वापस आए तो सोनू का शव कमरे में रस्सी से लटक रहा था। उन्होंने बताया कि सोनू पेट दर्द से परेशान रहता था और इसी कारण  उसने अपनी जान दे दी। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।