दीपक कुमार श्रीवास्तव, कछौना (हरदोई)-
प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों को निःशुल्क पाठ्यक्रम, भोजन और यूनिफार्म उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसी के तहत गुरुवार को विकासखंड कछौना के टिकारी स्थित परिषदीय विद्यालय में इंचार्ज अध्यापक अतुल कुमार मिश्रा के द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को ठंड के मौसम में ठिठुरन से निजात दिलाने के लिए स्वेटर रूपी कवच वितरण किए गये।
ठंड के मौसम में स्वेटर पाकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के चेहरे पर मुस्कान झलकने लगी और उनके चेहरे खिल उठे। स्वेटर वितरण के दौरान इंचार्ज अध्यापक के साथ विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस ने बताया कि विकासखंड के समस्त परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों को वितरण हेतु स्वेटर की पहली खेप विभाग द्वारा ब्लाक संसाधन केंद्र पर आ चुकी है। विद्यालयों में वितरण हेतु स्वेटर डिस्ट्रीब्यूट किए जा रहे हैं। दो-तीन दिनों में सभी विद्यालयों में बच्चों को स्वेटर वितरण हो जाएंगे।
पॉलीथिन प्रतिबंध की उड़ी धज्जियां

देश के पर्यावरण और भूमि की उपज को बरकरार रखने के लिए जहां एक ओर सरकार द्वारा पॉलीथिन प्रतिबंध को सफल बनाने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और प्रचार-प्रसार में लाखों करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर परिषदीय विद्यालय में उन्हीं बच्चों को जिन्होंने हाल ही में पॉलीथिन प्रतिबंध के लिए जोरदार उदघोष करते हुए गांव-गांव घूमकर जन जागरूकता रैली निकाल थी, को पॉलिथीन में पैक स्वेटर वितरण किए जा रहे हैं। जिससे एक बात स्पष्ट होती है कि सरकारी तंत्र ही सरकार के पॉलीथिन प्रतिबंध की मंशा को पलीता लगाने का काम कर रहा है।