कौमी एकता सप्ताह मनाये जाने संबन्धी बैठक संपन्न

            कैामी एकता सप्ताह को सकुशल संपन्न कराये जाने संबन्धी बैठक अपर जिलाधिकारी डा0विपिन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई जिसमें 19 नवम्बर से 25 नवम्बर तक मनाये जाने वाले कौमी एकता सप्ताह के अन्तर्गत संपन्न होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के विषय मेे गहनता से विचार-विमर्श किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि कौमी एकता सप्ताह के अन्तर्गत 15 नवम्बर को राष्ट्रीय अखण्डता दिवस के रूप में मनाया जायेगा । समस्त शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विभागों/संस्थाओं में राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता की शपथ ली जायेगी। इसी प्रकार 16 नवम्बर को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इस अवसर पर गांधी भवन में पूर्वान्ह 11 बजे विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया है। 17 नवम्बर को भाषायी सद्भावना दिवस मनाया जायेगा, सी0एस0एन0 कालेज में पूर्वान्ह 11 बजे विचार गोष्ठी होगी, 18 नवम्बर को कमजोर वर्ग दिवस मनाया जायेगा जिसके अन्तर्गत अनूसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग व समाज के अन्य कमजोर वर्गों के उत्थान से संबन्धित शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाईयों पर विचार किया जायेगा।
19 नवम्बर को महिला दिवस मनाया जायेगा, महिला दिवस के अवसर पर पूर्वान्ह 11 बजे गांधी भवन में पंचायतराज व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका एवं उनके योगदान पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। 20 नवम्बर को सांस्कृतिक एकता दिवस पर भाषण प्रतियोगिता पूर्वान्ह 11 बजे से राजकीय इण्टर कालेज में, खेलकूद प्रतियोगिता स्पोर्टस स्टेडियम में अपरान्ह 2 बजे से तथा रक्तदान शिविर जिला अस्पताल में मध्यान्ह 12 बजे से आयोजित किया जायेगा। 21 नवम्बर को उपभोक्ता संरक्षण दिवस के अवसर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियन्त्रण पर एक विचार गोष्ठी पूर्वान्ह 11 बजे तथा पर्यावरण संरक्षण संबन्धी कार्यक्रम अपरान्ह 1 बजे रसखान प्रेक्षागृह में संपन्न होगें।
अपर जिलाधिकारी ने संबन्धित अधिकारियों एवं आयोजकों को कौमी एकता सप्ताह सकुशल संपन्न कराये जाने के निर्देश दिये। बैठक में जिला कृृषि अधिकारी डा0विनोद कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी, डी0जी0सी0सिविल अविनाश गुप्ता, सी0ओ0सिटी, समाज सेवी हरिगोविन्द सेठी, जोगेन्दर सिंह गांधी, लल्लू दादा, आलोक श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व समाज सेवी मौजूद रहे।