देश में वंशवाद की राजनीति समाप्‍त हो गई : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि देश में वंशवाद की राजनीति समाप्‍त हो गई है। आज शाम नई दिल्‍ली में भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चों के राष्‍ट्रीय पदाधिकारियों की संयुक्‍त बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि लोग भारतीय जनता पार्टी और कड़े परिश्रम की राजनीति का समर्थन कर रहे हैं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी महासचिव भूपेन्‍द्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबो‍धन में कहा कि भाजपा के लिए शासन का अर्थ है – सबसे पहले राष्‍ट्र और लोगों की सेवा। उन्‍होंने कहा कि श्री मोदी ने मोर्चों के सदस्‍यों से पार्टी के संगठनात्‍मक आधार को मजबूत बनाने तथा रचनात्‍मक कार्यों से लोगों के साथ जुड़ने को कहा। श्री यादव ने कहा कि बैठक का उद्घाटन पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह ने किया था। उन्‍होंने बताया कि श्री शाह ने अपने संबोधन में कहा कि नरेन्‍द्र मोदी सरकार करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव लेकर आई है।

विगत चार वर्षो के केन्‍द्रीय सरकार की उपलब्धियों का उल्‍लेख करते हुए माननीय राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में देश के 22 करोड़ गरीबों व उनके परिवारों के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य केन्‍द्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र भाई मोदी जी के नेतृत्‍व में किया है। श्री यादव ने बताया कि श्री अमित शाह ने कहा है कि भाजपा का लक्ष्‍य विश्‍व में भारत को सबसे मजबूत राष्‍ट्र के रूप में स्‍थापित करने के साथ-साथ लोगों का कल्‍याण करना भी है। पार्टी के उद्देश्‍यों को रेखांकित करते हुए उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्‍य, केवल सरकार बनाना नहीं है अपितु दुनिया में भारत को एक सम्‍मानित राष्‍ट्र के रूप में स्‍थापित करना और देश में अंत्‍योदय के हमारे मिशन और संकल्‍प को आगे बढ़ाते हुए गरीबो के जीवन में परिवर्तन लाना है।