ट्रैक्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दूधिया की दर्दनाक मौत


कछौना (हरदोई): कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-हरदोई मार्ग पर प्रेम ढाबा के सामने एक ट्रैक्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दूधिया की दर्दनाक मृत्यु हो गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

शुक्रवार शाम को कोतवाली क्षेत्र कछौना के अंतर्गत ग्राम सुजानपुर निवासी नौशाद पुत्र मुंशी उम्र 50 वर्ष दूध बिक्री कर घर वापस जा रहा था। लखनऊ हरदोई मार्ग पर प्रेम ढाबा के सामने बिना नंबर के नीले रंग के सोनालीका ट्रैक्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दूधिया बुरी तरह से घायल हो गया। स्थानीय नागरिकों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को इमरजेंसी सेवा 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना भिजवा दिया गया। जहां पर डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया। घायल दूधिया की लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाते समय संडीला के पास मृत्यु हो गई।

यातायात नियमों की अनदेखी के कारण सड़क दुर्घटनाओं में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। वहीं सड़क के दोनों तरफ यूकेलिप्टस की लकड़ी पड़ी होने के कारण आये दिन दुर्घटनाएं घटती हैं। साथ ही इस स्थान पर दो शराब की दुकानें होने के कारण पियक्कड़ों का हमेशा जमावड़ा बना रहता है। जबकि शासन का सख्त निर्देश है कि किसी भी प्रकार की शराब की दुकान व सार्वजनिक स्थल पर शराब पीना प्रतिबन्धित है। नियमों की अनदेखी के चलते एक परिवार उजड़ गया। परिवार के कमाऊ व्यक्ति की मृत्यु होने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस घटना से परिवार के लोग बदहवास हैं।