22-12-18 Hardoi
हरदोई के बघौली रेलवे स्टेशन के आउटर पर मालगाड़ी के 19 डिब्बे पटरी से पलट गए जिसके चलते हड़कम्प मच गया । हादसे के बाद रेलवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया । दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन दोनों ट्रैकों पर ट्रेनों का आवागमन रुकवा दिया गया है। मालगाड़ी आलमनगर से रौजा कोयला लेकर जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार कोयले से लदी मालगाड़ी आलमनगर से रौजा जंक्शन जा रही थी । जैसे ही मालगाड़ी बघौली स्टेशन के आउटर पर पहुंची । लम्बुयी गांव के करीब पिलर नम्बर 1150 के पास कई डिब्बे पटरी से उतरकर पलट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डिब्बे उतरने से पूर्व मालगाड़ी को तेज झटके में देखा गया और देखते ही देखते बीच मे लगे डिब्बे ट्रैक से उतरने लगे। लोगों के अनुसार जैसे ही डिब्बे पटरी से उतरे उनके आपस मे टकराने से बहुत तेज आवाज आनी शुरू हो गईं। दुर्घटना के बाद इंजन ड्राइवर शशि कुमार बाकी बचे डिब्बों के साथ बघौली स्टेशन पहुंचा और घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। थोड़ी देर बाद रेलवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कार्य शुरू किया। डिब्बों के पटरी से उतरने के बाद कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए । उनके तमाम पार्ट्स डाउन ट्रैक पर भी जा गिरे । जिसके बाद दोनों ट्रैकों को बन्द कर दिया गया। ड्राइवर ने बताया कि वह निर्धारित स्पीड से कम पर स्पीड पर चल रहा था अचानक जोर का झटका लगने लगा और फिर डिब्बे पटरी से उतरने लगे।