कछौना (हरदोई)- विद्युत उपकेंद्र कछौना के अंतर्गत ग्राम तुसौरा का एक माह से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। जिससे ग्रामीणों को विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। अंधेरे में जीने को विवश हैं। ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए विद्युत उपकेंद्र पर प्रार्थना पत्र दिया। परंतु कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर विद्युत उपकेंद्र में ताला लगा दिया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
बताते चलें कि विद्युत उपकेंद्र कछौना के अंतर्गत ग्राम सभा टिकारी के ग्राम तुसौरा में नवीन योजना के तहत विद्युतीकरण हुआ है। जिसका कार्य कार्यदाई संस्था एन०सी०सी० द्वारा किया गया। परन्तु एन०सी०सी० द्वारा एक माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया। ग्रामीणों ने 1912 पर शिकायतें की। इसके बाद जनसुनवाई के माध्यम से भी शिकायत की गई। परंतु ग्रामीणों को कोई सार्थक उत्तर नहीं मिला। विभाग कार्यदाई संस्था पर जिम्मेदारी डाल रहा है। कार्यदाई संस्था का कोई जिम्मेदार व्यक्ति फोन नहीं रिसीव करता है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन कर विद्युत उपकेंद्र कछौना में ताला जड़ दिया।
ग्रामीण निर्भयसिंह, जगदीश, उमेश कुमार, विनय गौतम, देशराज, रामेंद्र कुमार, चिन्ना, ईसाक अली, नूरजहां, रामेंद्र कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में पुरूष/महिलाएं धरना प्रदर्शन में डट गये। तालाबंदी से यू०पी०100 नंबर की टीम व प्रभारी निरीक्षक कछौना संतोष श्रीवास्तव मौके पर आ गये। ग्रामीणों को उनके द्वारा काफी समझाने पर भी ग्रामीण वहां से नहीं हटे। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक अवर अभियन्ता हम सब को ट्रांसफार्मर बदलवाने का अश्वासन नहीं देंगे तब तक हम यहीं डटे रहेंगे। काफी देर बाद अवर अभियंता राजेश गौतम ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों से शीघ्र ट्रान्सफार्मर बदलवाने की बात कही। तब जाकर ग्रामीण वापस गए। जबकि सरकार खराब ट्रांसफार्मर को 48 घंटे में बदलवाने का ढिंढोरा पीट रही है।