नेपाल में आज 2015 में विनाशकारी भूकम्प में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। आज ही के दिन देश में सात दशमलव छह तीव्रता का भूकम्प आया था। मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए देश में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली समेत सैंकडों लोगों ने गोरखा भूकंप में मारे गए लोगों को काठमांडू स्थित धरहरा में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने भी इस आपदा में अपना बहुमूल्य जीवन गंवाने वालों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि उस भीषण त्रासदी में हुई जानमाल की भारी क्षति का उन्हें आज भी गहरा दुख है। राष्ट्रपति भंडारी ने पुनर्निर्माण की गति तेज करने के प्रति संबंधित संस्थाओं का ध्यान भी दिलाया। 2015 के विनाशकारी भूकंप में करीब नौ हजार लोगों की मृत्यु हो गई थी और 21 हजार से अधिक लोग घायल हुए थे। इस बीच जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। 22 घंटे बाद मलबे से चमत्कारी ढंग से जीवित निकला चार माह का सोनिस अब तीन साल से बडा हो गया है और उसने स्कूल जाना भी शुरू कर दिया है।