ट्रेन से उतरने व चढ़ने को लेकर कहासुनी में मारपीट, दोनों पक्षों के 9 लोग पर कार्रवाई

हरदोई। रेलवे स्टेशन सोमवार सुबह मारपीट के अखाड़े में तब्दील हो गया। देखते ही देखते दो पक्षों में जमकर हाथापाई होने लगी। जिसके चलते स्टेशन पर हड़कंप मच गया। हाथापाई होते देख रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए और हाथापाई कर रहे 9 लोगों को जीआरपी थाने में ले जाकर बंद करा दिया।

बताया गया कि हरदोई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर अपने निर्धारित समय से 1घंटा 6 मिनट की देरी से फिरोजपुर से चलकर धनबाद जा रही गंगा सतलुज एक्सप्रेस के पहुँचते ही जनरल कोच के बाहर शोर-शराबा होने लगा। दो पक्षों में शुरू हुई बहस हाथापाई में तब्दील हो गई। हाथापाई होते देख रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए और हाथापाई कर रहे 9 लोगों को जीआरपी थाने में ले जाकर बंद करा दिया। दरअसल दो पक्षों में ट्रेन से उतरने व चढ़ने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। एक पक्ष के तीन लोगों समेत महिलाएं व बच्चे फिरोजपुर से हरदोई उतरने थे। वहीं दूसरे पक्ष से 6 लोगो के साथ महिलाएं व बच्चे जौनपुर जाने के लिए ट्रेन में चढ़ने को थे कि तभी चढ़ने व उतरने को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। 

जीआरपी ने मामले में दोनों पक्षों के 9 लोगों पर कार्रवाई की है।बताते है कि फिरोजपुर से गंगा सतलुज एक्सप्रेस के जनरल बोगी में यात्रा कर रहे प्रेम, परमानंद, राजेश निवासी ग्राम गंगाई थाना टडियावा के साथ महिलाएं व बच्चे हरदोई रेलवे स्टेशन पर उतर रहे थे। वही अवधेश, राजा, रामू, शुभम, शानू व इन को छोड़ने के लिए आये रामचंद्र निवासी तेजपुर थाना हरपालपुर को गंगा सतलुज एक्सप्रेस से जौनपुर की यात्रा करने के लिए ट्रेन में चढ़ा रहे थे इसी दौरान चढ़ने उतरने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। बहस धीरे-धीरे बढ़ती गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। 

मौके पर पहुंचे आरपीएफ व जीआरपी ने हाथापाई कर रहे 9 लोगों को हिरासत में लिया। जिनको जीआरपी थाने लाया गया जहां सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई की गई है।जीआरपी थाना प्रभारी अरविंद कुमार तिवारी ने बताया कि रविवार सुबह गंगा सतलुज एक्सप्रेस में चढ़ने उतरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई है। जिसमें 9लोगों को 151/107-16 में अभियोग पंजीकृत कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है। एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर दो पक्षों में मारपीट हुई है। ट्रेन पर चढ़ने उतरने को लेकर मारपीट होना बताया गया है। जिसमें जीआरपी ने दोनों पक्षों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।