अनियंत्रित ट्रक ने ट्रांसफार्मर सहित तीन विद्युत खम्भों को मारी जोरदार टक्कर, दर्जनों गांवों समेत कछौना नगर की बिजली आपूर्ति हुई बाधित

कछौना(हरदोई): सुठेना बाई पास मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने विद्युत पोल में टक्कर मार दी, जिससे कई विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। तत्काल विद्युत लाइन बंद हो जाने से एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। इस घटना से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

गाजू फीडर के अंतर्गत नगर के दो वार्ड रेलवेगंज पूर्वी, रेलवेगंज पश्चिमी समेत दर्जनों गांवों को अगले दो दिन तक विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पायेगी। बताते चलें कि बाई पास सुठेना मार्ग पर गुरुवार की अपरान्ह एक ट्रक न० UP27T 4229 तेज गति से ग्राम कीरतपुर किसी साथी को मिलने जा रहा था। चालक ने विद्युत पोल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हाईटेंशन विद्युत लाइन के खिचांव से दो खम्भे समेत ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। आधुनिक विद्युत उपकेन्द्र होने के कारण विद्युत लाइन तत्काल बंद हो गई जिससे एक बड़ा हादसा होते- होते बचा। इस घटना से कई विद्युत पोल टूट गए, एक ट्रांसफर भी टूट गया। विद्युत विभाग का लाखों रुपयों की सम्पति का नुकसान हो गया। अवर अभियंता राजकुमार गुप्ता ने बताया कि चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया गया एवं ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। विद्युत लाइन दुरुस्त करने में दो दिन का समय लगेगा, जिसके चलते गाजू फीडर की विद्युत आपूर्ति दो दिन बाधित रहेगी। सैकड़ों गाँव अँधेरे में रहेंगे।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता