पूर्ति निरीक्षकों को चेतावनी जारी करते हुए कड़ी कार्यवाही करें – जिलाधिकारी

राशन कार्ड आधार सीडिंग एवं फीडिंग कार्यो की कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि राशन कार्डो की सीडिंग एवं फीडिंग का कार्य लक्ष्य के अनुरूप समय से पूरा करायें और जिन पूर्ति निरीक्षकों द्वारा कार्य में लापरवाही की जा रही है उनको चेतावनी जारी करते हुए कड़ी कार्यवाही करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी पूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिये कि आधार सीडिंग व फीडिंग के कार्य मेें लापरवाही न करें तथा दिये गये समय सीमा में कार्य को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद की 07 दुकानें निलम्बित है जबकि 28 दुकानें निरस्त है। इस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि जो राशन की दुकाने निलम्बित है उनकी नियमानुसार बहाली की जाये तथा रिक्त दुकानों संचालन कराना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने पूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिये 17, 18 व 28 नवम्बर 2018 को विशेष बूथ दिवस का आयोजन किया जायेगा जिसमें सभी कोटेदार बूथ पर उपस्थित रहकर अपने क्षेत्र के ऐसे मतदाता जिनकी मृत्यु हो गयी या जिन लड़कियों की शादी हो गयी है और वह बाहर चली गयी है उनका नाम मतदाता सूची से कटवाये तथा जो 18 वर्ष पूर्ण कर रहे है और जो नयी बहुएं गांव में आयी उनके फार्म भराकर नाम मतदाता सूची में अंकित कराना सुनिश्चित करें। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सतीश कुमार त्रिपाठी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एकता सिंह, उप जिलाधिकारी श्रद्वा शांन्डिल्यान सहित पूर्ति निरीक्षक मौजूद रहे।