उदहिन बुजुर्ग में सरकारी गेहूं क्रय केंद्र खोला जाए : अजय सोनी

सिराथू, कौशांबी। किसान पार्टी के नेता अजय सोनी ने क्षेत्रीय किसानों की ओर से जिला प्रशासन कौशांबी एवं विपणन विभाग से उदहिन बुजुर्ग के आस पास गेहूं क्रय खोलने की मांग की है। अजय सोनी के मुताबिक उदहिन बुजुर्ग के आस पास सरकारी गेहूं क्रय केंद्र खुलने से किसानों को अनाज बिक्री की समस्या से निजात मिलेगी और भारी फायदा होगा।

अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान गांव उदहिन बुजुर्ग, उदहिन खुर्द, गंभीरा पूर्व, खनवारी, कैनी आदि गांवों के किसानों से अजय सोनी ने वार्ता की। वार्ता के दौरान किसानों ने अजय सोनी से बताया कि इस क्षेत्र में गेहूं क्रय केंद्र न होने के कारण किसानों को अनाज बिक्री में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मजबूरन किसानों को अपनी उपज क्षेत्रीय गल्ला व्यापारी को औने पौने दामों पर बेंचना पड़ता है और किसान भारी नुकसान उठाता है। साथ ही व्यापारी महीनों तक किसानों की अनाज बिक्री की रकम रोके रखता है जिससे किसान और मजबूर हो जाता है।

इस संबंध में अजय सोनी ने कहा कि इस क्षेत्र में गेहूं क्रय केंद्र खुलना अति आवश्यक है। अगर उदहिन बुजुर्ग के आस पास कोई क्रय केंद्र खुल जाए तो निश्चित ही किसानों को भारी आर्थिक लाभ होगा और किसानों को अपनी उपज की बिक्री के लिए कहीं परेशान भी नहीं होना पड़ेगा।

आगे कहा कि जिला प्रशासन और विपणन विभाग कौशांबी को इस मामले में गंभीरता से विचार करना चाहिए और जल्द से जल्द क्षेत्रीय किसानों के हित में उदहिन बुजुर्ग के आस पास कहीं सरकारी क्रय केंद्र खोलना चाहिए ताकि किसानों की अनाज बिक्री की समस्या का समाधान हो सके। इस अवसर पर संतोष कुमार, परमेश्वर सिंह, मिथुन कुमार, गोलू सिंह, किशोरी लाल, लल्लू लाल लोधी, रईश अहमद समेत कई लोग मौजूद रहे।