केंद्र सरकार ने फिर दोहराया कि वह किसान संगठनों के साथ चर्चा के लिए हमेशा तैयार है और किसानों के मुद्दे हल करने के लिए आंदोलनकारी किसानों के साथ चर्चा के लिए तैयार रहेगी।
कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने लोकसभा में लिखित उत्तर में बताया कि अब तक सरकार और आंदोलनकारी किसान यूनियनों के बीच 11 दौर की वार्त्ता हो चुकी है। श्री तोमर ने कहा कि सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि किसान यूनियनों के साथ सभी दौर की वार्त्ताओं में सरकार ने बल दिया कि कानूनों को वापस लेने की मांग के बजाय किसान यूनियनों को कृषि कानूनों के संबंध में चिंताओं पर चर्चा करनी चाहिए ताकि उन्हें दूर किया जा सके।