सड़क दुर्घटनाओं में लाई जाए कमी : डीएम


बदायूँ: अक्सर देखा जाता है कि तेज रफ्तार बाइक सड़क पर फैला मक्का से फिसल गई और उसपर सवार लोगों ने दुर्घटना में अपनी जान गवां दी। इसलिए जिले में असमय हो रही मौतों का कारण एक यह भी है। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी तहसालों में एसडीएम, सीओ और सम्बंधित थाना प्रभारी की समिति बनाई है, जो इस प्रकार की शिकायत पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करेगी। मक्का फैलाने वाले से जुर्माना तो वसूल करेगी ही, साथ ही मक्का को जब्त कर गौशाला को सुपुर्द कर देगी।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं परिवहन विभाग तथा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियोें के साथ जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की। जनपद में 32 ब्लैक स्पाॅट्स है। डीएम ने निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी के अभियन्ता, एआरटीओ एवं टीएसआई की टीम संयुक्त रूप से ब्लैक स्पाॅट, रिफ्लेक्टर, ब्रेकर, साइनबोर्ड आदि के निरीक्षण करें, जहां मरम्मत या दोबारा लगने की ज़रूरत हो तो उसे चिन्हित कर सही कराएं, जिससे यातायात दुर्घटनाओं में कमी आ सके। उन्होंने निर्देश दिए कि भामाशाह चैक का निरीक्षण कर डिवाइडर, ट्रेफिक लाइट, जेबरा क्राॅसिंग आदि की व्यवस्थाएं पूर्ण कर इसे आदर्श चैराहा बनाया जाए। इसी प्रकार नवादा चैराहे को भी व्यवस्थित कर निखारा जाए, जिससे यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। सभी तहसीलों में साइन बोर्ड लगाए जिसमें निर्धारित गति, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग आदि यातायात नियमों का पालन करना अंकित हो। इसका पालन न करने वालों पर कार्यवाही कर जुर्माना वसूला जाएगा।

उन्होंने डीआईओएस को निर्देश दिए कि विद्यालय वाहनों के चालक, परिचालकों एवं सहायकों के चरित्र प्रमाण का कार्य कराना सुनिश्चित करें, उनका नेत्र परीक्षण भी करवाएं। विद्यालयों के मुख्य द्वार एवं वाहन के अन्दर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, जिससे बच्चों की गतिविधियाँ रिकॉर्ड होती रहें। स्कूली वाहन के गेट के पास बच्चों के बैठने की संख्या भी अंकित की जाए। वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य प्राथमिकता के तौर पर पूर्ण करें। बिना फिटनेस के कोई भी विद्यालय वाहन सड़क पर चलता न मिले, बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात सुगमता को दृष्टिगत रखते हुए एक मार्ग के विद्यालय के खुलने व बंद होने के समय में आधा घंटे का अंतराल रखा जाए।

उन्होंने एआरटीओ को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में आर्थिक सहायता दिलाएं। डग्गामारी वाहनों पर रोक लगाई जाए, वाहनमाफिया पर कार्यवाही की जाए, आटो रिक्शा के रोड निर्धारित किए जाए। इस अवसर पर एसपी सिटी प्रवीण सिंह चैहान, एसपी आरए सिदार्थ वर्मा, एआरटीओ एनसी शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।