उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की घोर लापरवाही से पी० जी० टी०-परीक्षा की प्रतिष्ठा ध्वस्त हुई!

★आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
(भाषाविज्ञानी और समीक्षक)

उत्तरप्रदेश में जितने भी परीक्षा-आयोग, परीक्षा-बोर्ड आदिक हैं, उनके अधिकारी इतने निर्लज्ज हो चुके हैं कि बार-बार लताड़ने के बाद भी उनकी आँखें खुल नहीं पा रही हैं। जितनी भी प्रतियोगी परीक्षाएँ करायी जाती हैं, उन सभी में प्रत्येक विषय, विशेषकर ‘हिन्दीभाषा और साहित्य’ से सम्बन्धित प्रश्नपत्रों और दिये गये उत्तर-विकल्पों में सैकड़ों की संख्या में अशुद्धियाँ रहती हैं, जो इस बात को प्रमाणित करती हैं कि सम्बन्धित अधिकारियों की कर्त्तव्यपरायणता नितान्त कुत्सित और दूषित रही है। मैं समाचारपत्रों के माध्यम से समय-समय पर देश की समस्त प्रतियोगितात्मक परीक्षाओं के हिन्दीभाषा और साहित्य के प्रश्नपत्रों में की गयी भयंकर अशुद्धियों को शुद्ध करते हुए ध्यान आकर्षित करता आ रहा हूँ; परन्तु सारे-के-सारे सम्बन्धित अधिकारी नितान्त निकृष्ट-निर्मम-निर्लज्ज दिखते रहे हैं– कहीं कोई सुधार नहीं। उसी का एक नमूना यहाँ प्रस्तुत है।

‘उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड’, प्रयागराज-द्वारा प्रवक्ता की परीक्षा पिछले १७ अगस्त को करायी गयी थी, जिसमें हिन्दी-विषय के प्रश्नपत्र के ९० प्रतिशत प्रश्न और उनके विकल्प में प्रयुक्त किये गये शब्द, वाक्यविन्यास, दिये गये विकल्प में मूल तथ्य, व्याकरण, भाषाविज्ञानादिक की दृष्टि से पूर्णत: अशुद्ध हैं। दु:ख तो इस बात का है कि ऐसी महत्त्वपूर्ण परीक्षाओं में उन लोग को प्रश्नपत्र तैयार करने का दायित्व सौंपा जाता है, जिन्हें न तो भाषा-व्याकरण-विज्ञान की समझ होती है और न ही साहित्य की। इन सभी प्रश्नों को कहीं-न-कहीं से संकलित किया गया है, अन्यथा प्रश्न की शैली कैसी होनी चाहिए; विरामचिह्नों का, विशेषत: योजक और उद्धरणचिह्नों का कहाँ-किस रूप में व्यवहार होता है, इनकी समझ तो होती ही। निस्सन्देह, ऐसे प्राश्निक को कठघरे में खड़े करने की आवश्यकता है। ऐसे चिह्नोंवाले सभी प्रश्न और विकल्प अशुद्ध हैं। इतना ही नहीं, सम्बद्ध संस्थान-द्वारा जो उत्तरमाला जारी की गयी है, उनमें भी बहुत विसंगतियाँ हैं। मैं एक सिरे से इस प्रश्नपत्र से जुड़े सभी लोग को खुली चुनौती देता हूँ।

अब यहाँ सम्बद्ध प्राश्निक के विद्यार्थीघातक कृत्य प्रस्तुत हैं :–
प्रश्नपत्र ‘सेट बी’ देखें– प्रश्न १ ही अशुद्ध है; क्योंकि उसमें ‘बरवै नामिका भेद’ के कवि का नाम पूछा गया है, जबकि रहीम की रचना का नाम ‘बरवै नायिका भेद’ है। प्रश्न २ में ‘उत्तररामचरित’ अंकित है, जबकि भवभूति की मूल पुस्तक का नाम ‘उत्तररामचरितम्’ है। प्रश्न ४ है– “एक में उपसर्ग का प्रयोग है” यह प्रश्न ही भ्रामक है। यहाँ होगा– निम्नलिखित में से किसमें उपसर्ग का प्रयोग हुआ है? प्रश्न १२ के विकल्प का कोई उत्तर सही नहीं है। प्रश्न है– ‘छोटी हल्की गोल और किनारेदार थाली दिखाओ’ इस वाक्य में दो अल्प विराम और एक पूर्ण विराम के चिह्न लगेंगे, जो कि विकल्प में है ही नहीं। दूसरा तथ्य विशेषण-शब्द ‘हलकी’ है, न कि ‘हल्की’। इसके लिए ‘ज्ञानमण्डल लि०’ आदिक के कोश देखे जा सकते हैं। प्रश्न १३ में ‘हिन्दी में मुक्त छंद के प्रवर्तक कवि ‘है’ के स्थान पर ‘हैं’ का प्रयोग होगा। प्रश्न १८ का प्रश्न ही ग़लत है; क्योंकि दण्डी की मूल पुस्तक ‘दशकुमारचरितम्’ है, न कि ‘चरित’। प्रश्न १९ का वाक्यविन्यास अशुद्ध है; क्योंकि कविता ‘रची’ जाती है, ‘लिखी’ नहीं जाती। प्रश्न ४० का प्रश्न ही ग़लत है। अमीर ख़ुसरो की रचना है– “ज़े-हाले मिस्कीं मकुन तग़ाफ़ुल दुराय नैनाँ बनाए बतियाँ।” प्रश्नपत्र में इसे तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है। प्रश्न ४२ के विकल्प ‘ए’ में लेखक का नाम ‘अब्दुल विस्मिला’ बताया गया है, जबकि सही नाम ‘अब्दुल बिस्मिल्लाह’ है। इसी प्रश्न के ‘सी’ विकल्प में ‘भीष्म साहनी’ के उपन्यास का नाम ‘भैयादास की माड़ी’ अंकित है, जबकि उनके उपन्यास का नाम ‘मय्यादास की माड़ी’ है। प्रश्न ५५ में ‘प्रकाशन काल’ के स्थान पर ‘प्रकाशनकाल’/’प्रकाशन-काल’ होगा। ‘प्रकाशन काल’ का कोई अर्थ नहीं होता। प्रश्न ५६ में ‘एतराज’ का अर्थ पूछा गया है, जबकि ‘एतराज’ कोई शब्द ही नहीं है; सही शब्द ‘ए’तिराज़’/’एतिराज़’ है, जो कि अरबी-भाषा का शब्द है। प्रश्न ५८ में प्रयुक्त ‘एक वचन’ अशुद्ध है; शुद्ध ‘एकवचन’ है। प्रश्न ५९ में ‘नई (शुद्ध नयी) कविता से सम्बन्धित प्रश्न के ‘ए’ विकल्प में ‘बोधों’ के स्थान पर ‘बोध’ और ‘सी’ विकल्प में ‘अधिकांश’ के स्थान पर ‘अधिकतर’ होगा। प्रश्न ६० में ‘आँखें बिछाना’ के विकल्प में ‘प्रायश्चित’ के स्थान पर ‘प्रायश्चित्त’ होगा; क्योंकि ‘प्रायश्चित’ निरर्थक शब्द है। प्रश्न ७५ में ‘पुरस्कर्ता’ के स्थान पर ‘पुरस्कर्त्ता’ होगा। प्रश्न ९६ में राजेश जोशी की पुस्तक का नाम ‘एक दिन बोलेंगे ‘पेड़’ को ‘पेंड़’ बताया गया है। प्रश्न १२५ में पन्त की रचना का नाम ‘ज्योत्सना’ बताया गया है, जबकि वह रचना ‘ज्योत्स्ना’ है।

‘उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड’ ने हाल ही में पी० जी० टी० परीक्षा के हिन्दी-विषय के प्रश्नपत्र की उत्तरकुंजी जारी की है, जिसमें बड़ी संख्या में तथ्यात्मक अशुद्धियाँ की गयी हैं, जिनके कारण आयोग की ओर से जारी उत्तर ग़लत दिख रहे हैं। आयोग-द्वारा जारी की गयी उत्तरमाला में से बड़ी संख्या में ग़लत उत्तर दिख रहे हैं, इसलिए जितने भी प्रश्न और विकल्प ग़लत हैं, उन्हें परीक्षण से बाहर करना होगा, तभी परीक्षार्थियों के साथ न्याय हो सकेगा, अन्यथा विद्यार्थी इस न्यायालय से उस न्यायालय का चक्कर लगाते दिखेंगे।

बोर्ड-द्वारा जारी की गयी उत्तर-कुंजी में प्रश्न १ का उत्तर ‘ए’ ग़लत है; क्योंकि ‘बरवै नामिका भेद’ दिये गये विकल्पों में से किसी कवि की रचना नहीं है। आयोग-द्वारा प्रश्न १२ का उत्तर ‘ए’ बताया गया है, जबकि प्रश्नानुसार कोई भी विकल्प सही नहीं है। प्रश्न २४ का वाक्य ही अशुद्ध है, इसलिए आयोग-द्वारा जारी इसका उत्तर विचारणीय नहीं है। ‘आपने क्या कहा सो मैंने नहीं सुना’ में ‘क्या’ के स्थान पर ‘जो’ का व्यवहार होगा; क्योंकि ‘जो’ के साथ ‘सो’ का प्रयोग होता है। प्रश्न ४० का उत्तर ‘बी’ दिया गया है, जबकि सही उत्तर ‘डी’ होगा; क्योंकि “धनि सोई जस कीरति जासू। फूल मरै, पै मरै न बासू।।” ‘जायसी’ की रचना है, ‘कबीरदास’ की नहीं। आयोग ने प्रश्न ५२ का उत्तर ‘बी’ बताया है, जो कि अशुद्ध है; क्योंकि ‘कुवलयमाला कथा’ दिये गये विकल्पों में से किसी से भी सम्बन्धित नहीं है; मूल पुस्तक का नाम ‘कुवलयमाला’ है। प्रश्न ५४ का उत्तर ‘डी’ (खस) बताया गया है, जो कि ग़लत है; सही उत्तर ‘खश’ है, जो विकल्प में है ही नहीं। प्रश्न ५६ का उत्तर ग़लत ‘डी’ बताया गया है, जो कि ग़लत है; क्योंकि ‘एतराज’ कोई सार्थक शब्द नहीं है। आयोग ने प्रश्न ७८ का उत्तर ‘बी’ बताया है, जो कि अनुपयुक्त है; कारण कि सोमप्रभ सूरि ने ‘कुमारपालप्रतिबोध’ की रचना नहीं की थी। कृतिकार और कृति के नाम ही ग़लत हैं। श्रीसोमप्रभाचार्य ने ‘कुमारपालप्रतिबोध:’ की रचना की थी।

मैं उक्त तथ्यों के आलोक में उच्चस्तरीय जाँच की माँग करता हूँ, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किये जा रहे खिलवाड़ पर अंकुश लगाया जा सके।

इनके अतिरिक्त ‘अन्य’ उत्तर भी अशुद्ध हैं। अब प्रश्न है, परीक्षा-आयोजन करनेवाले अधिकारी कर्त्तव्यविहीन हो चुके हैं क्या? वे सभी एक सिरे से दण्डित किये जाने के योग्य हैं। क्या उत्तरप्रदेश के मुख्यमन्त्री इसके प्रति कोई ठोस क़दम उठायेंगे?

सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; २२ अगस्त, २०२१ ईसवी।)
९९१९०२३८७०
prithwinathpandey@gmail.com