पीआरडी जवानों ने गुमराह करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को बनाया बंधक

पीआरडी जवानों ने लगाया गेट पर ताला, डेढ़ घण्टे तक अंदर फंसे रहे अधिकारी

           हरदोई- स्वच्छता गोष्ठी के लिए गांधी भवन में बुलाये गए पीआरडी के जवानों ने अधिकारियों पर गुमराहकर बुलाये जाने का आरोप लगाते हुए गांधी भवन के सभी गेट बंद कर कई अधिकारियों को डेढ़ घण्टे तक बंधक बनाए रक्खा। बाद में सीओ सिटी शहर कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे और जवानों को समझा बुझा कर शांत किया और गेट खुलवाया तब कहीं जाकर अधिकारी घर को रवाना हो सके।
          पीआरडी जवान व प्रांतीय रक्षक दल के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह यादव का आरोप है कि उन सबको युवा कल्याण अधिकारी ने गुमराह कर बुलाया कि स्वक्षता मिशन में सभी जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ड्यूटी लगाने के झांसे में आकर सुबह दस बजे से करीब तीन सौ पीआरडी जवान गांधी भवन पहुंच गए। जवानों का आरोप है कि उन्हें ड्यूटी न देकर गांव-गांव स्वक्षता का प्रचार प्रसार करने को कहा गया जबकि इस बारे में उनसे कोई मतलब ही नहीं है।
         कार्यक्रम समाप्त होने के बाद युवा कल्याण अधिकारी तो मौके से निकल गए लेकिन सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता एस एन शर्मा व लोकनिर्माण विभाग के अभियंता वीरेंद्र चौधरी सहित कई अधिकारी वहां से निकलते उससे पहले पीआरडी जवानों ने आक्रोशित होकर गांधी भवन के तीनों गेट बंद कर दिए और युवा कल्याण अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम को बुलाये जाने की मांग करने लगे। इस दौरान अंदर बैठे अधिकारी बाहर निकलने की मनुहार जवानों से करते रहे लेकिन जवानों ने उनकी एक नहीं सुनी। अधिकारियों ने इसकी जानकारी युवा कल्याण अधिकारी को देते हुए वहां आने को कहा लेकिन वे नहीं आये। करीब डेढ़ घण्टे यह तमाशा चलता रहा जिसके बाद सीओ सिटी विजय कुमार राणा व शहर कोतवाल दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीआरडी जवानों को समझा बुझाकर उन्हें शांत कराते हुए गेट खुलवाया तब अंदर कैद अधिकारी बाहर निकल सके।

बोले जिम्मेदार


जवानों को स्वक्षता गोष्ठी में बुलाया गया था लेकिन कार्यक्रम समाप्ति के बाद वे बेवजह हंगामा करने लगे।