-गंगा में हरिद्वार से 47 हजार 517 क्यूसेक एवं नरौरा बांध से 1 लाख 69 हजार 256 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
-अतिरिक्त मजिस्ट्रेट श्रद्धा शांडिल्यान समेत अधिकारीयों ने किया बाढ़ क्षेत्रों का निरिक्षण
– डीएम पुलकित खरे ने नदियों के जलस्तर में हो रही वृद्धि को गंभीरता से लिया
– बिलग्राम सवायजपुर के साथ ही शाहाबाद क्षेत्र की बाढ़ चौकियों के प्रभारियों को किया गया अलर्ट
हरदोई- बिलग्राम सवायजपुर तहसील के क्षेत्रों में हरिद्वार एवं नरोरा डैम से छोड़े जा रहे पानी के कारण गर्रा एवं रामगंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। रामगंगा की तेज धार ने जहां हरपालपुर के ग्राम गोरिया के प्राथमिक विद्यालय व कांजी हाउस अपने आगोश में ले लिया है। वहीं ग्राम बरौली में नदी के किनारे बसे एक दर्जन घर कटान के कगार पर पहुंच गए हैं। कटियारी क्षेत्र में गंगा, राम गंगा एवं गर्रा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। जिसके कारण कटान शुरू हो गया है। वहीं हरपालपुर के कई गांव जो नदियों के किनारे स्थित है। वहां के किसानों को फसलें बर्बाद होने का डर भी सताने लगा है।हालाँकि डीएम पुलकित खरे ने नदियों के जलस्तर में हो रही वृद्धि को गंभीरता से लिया और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट श्रद्धा शांडिल्यान समेत अधिकारीयों भेजकर हालातों का जायजा लेकर बाढ़ प्रभावित बिलग्राम सवायजपुर के साथ ही शाहाबाद क्षेत्र की बाढ़ चौकियों के प्रभारियों को अलर्ट किया है।डीएम ने कहाकि बाढ़ से निपटने के सभी इंतजामात पूरे है और सीएमओ समेत पशु चिकित्साधिकारी को भी निर्देशित किया गया है लेकिन ग्रामीण बाढ़ भयभीत जरूर नजर आ रहे है।
हरपालपुर ब्लाक के ग्राम गोरिया में भले ही अभी तक कोई मकान ना कटा हो लेकिन प्राथमिक विद्यालय व काजी हाउस रामगंगा नदी में कटकर समा चुके हैं। इधर ग्राम बरौली में सुरेश, रामकिशन, छोटे लाल सहित दर्जनभर नदी के किनारे झोपड़ी डाल कर अपना जीवनयापन कर रहे हैं। जलस्तर बढ़ने से इन ग्रामीणों के मकान किसी भी समय कटान से नदी में समा सकते हैं। यदि इनके मकान नदी में समा गए तो सभी बेघर हो जाएंगे। बिलग्राम में गंगा में पानी बढ़ने से कई गांवों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। लगभग एक दर्जन गांवों के निकट बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। कन्नौज जाने वाले रोड के किनारे भी पानी पहुंचने लगा है।
जिले में लगातार चौबीस घंटों से गंगा में पानी बढ़ रहा है जिसके कारण गंगा मुहाने पर बसे कई गांवों का अस्तित्व संकट में पड़ता नजर आ रहा है। बाढ़ का पानी उम्मेदपुर्वा , निहालपुर्वा, घासी रामपुर्वा, मक्कू पुर्वा, कटरी बिछुइया, गुलाबपुर्वा, देवी पुर्वा, पुन्नापुर्वा तथा रामेश्वर पुर्वा आदि छोटे बडे़ मजरों के किनारे पहुंच गया है।ग्रामीण फिलहाल बढ़ रहे जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। सवायजपुर तहसील के कटियारी क्षेत्र के गांव गोरिया और बरौली गांव पूरी तरह से धीरे धीरे बाढ़ की चपेट में आ रहा है। त्रिमोहन रामाश्रय, रवि मोहन, सुरेश चंद्र, पृथ्वीराज, रामकिशन, छोटे, जितेंद्र, गंगाराम, रतन, रामस्वरूप, रामगोपाल सहित दर्जनभर लोगों की झोपड़ी बह गई हैं। कुछ लोगों के पक्के मकान हैं तो वह भी छोड़कर सुरक्षित स्थानों की तरफ पलायन करने लगे।
बता दें कि गर्रा में 30 सेंटीमीटर जलस्तर की वृद्धि दर्ज की गई है। गंगा एवं रामगंगा में 5-5 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा। चेतावनी विन्दु से गंगा 5 सेंटीमीटर एवं रामगंगा 20 सेंटीमीटर ऊपर प्रवाहित हो रहीं हैं। जिले में प्रवाहित हो रहीं तीनों नदियों के जलस्तर में हो रही वृद्धि से बाढ़ के पानी ने तलहटी के गांवों एवं फसलों की ओर से रुख किया है। जिससे पानी के वेग से कटान और फसलों के प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।गंगा में हरिद्वार से 47 हजार 517 क्यूसेक एवं नरौरा बांध से 1 लाख 69 हजार 256 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बांधों से छोड़े जाने वाले पानी से नदियों का जलस्तर बढ़ना जारी है। प्रभावित क्षेत्रों में बिलग्राम, सवायजपुर के साथ ही शाहाबाद क्षेत्र की बाढ़ चौकियों के प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया है।