ग्राम्य विकास में पत्रकारों की अहम भूमिका विषय पर हुई चर्चा…
पिहानी-हरदोई।

पत्रकारिता के साथ यदि समाज के हित के विषय भी जुड़ें हो तो निश्चय ही यह एक सकारात्मक पत्रकारिता का स्वरूप कहा जायेगा, जिसमें समाज के हित की भावनाएं भी निहित होंगी। यह विचार ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संस्थापक बाबू बालेश्वर लाल की 31वीं पुण्यतिथि पर आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे सीओ हरियावां शैलेन्द्र सिंह राठौर ने व्यक्त किये।
पिहानी के गायत्री प्रज्ञा पीठ के अनसुइया भवन में बाबू बालेश्वर लाल की 31 वीं पुण्यतिथि को पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ हरियावां शैलेन्द्र सिंह राठौर एवं पिहानी इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
ग्रामीण पत्रकारों को वर्तमान पत्रकारिता की रीढ़ बताते हुए विशिष्ट अतिथि नगर पालिका पिहानी के अध्यक्ष डॉ साजिद अंसारी ने संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारों की मेहनत सराहनीय है जो जी-जान से जुटकर क्षेत्र की समस्याओं को बाहर लाकर उनके निवारण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गोष्ठी में ‘ग्राम्य विकास में पत्रकारों की अहम भूमिका’ विषय पर महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं।
इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ला ने कहाकि पत्रकारिता में समाचार लेखन कभी भी एकपक्षीय नहीं होना चाहिए।
इस दौरान कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन हरदोई के जिलाध्यक्ष अतुल कपूर ने किया। साथ ही उन्होंने एसोसिएशन की गतिविधियों के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में आये अतिथियों को पत्रकार राजन शुक्ला, अतुल कपूर और जुबैर जफर ने पं. श्री राम शर्मा आचार्य का साहित्य भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में रामलखन सविता, संजय सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर फूल सिंह यादव, देशराज, नृपेंद्र चक्रवर्ती, मनु शर्मा सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।