भाजपा के पूर्व सांसद और राम जन्मभूमि के सदस्य रामविलास वेदांती को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें धमकी फोन पर मिली है। मामले पर केस दर्ज हो गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के विभूतीखंड थाने में केस दर्ज किया गया है। रामविलास वेदांती ने इस मामले में लखनऊ के डीएम कौशल राज वर्मा से मुलाकात कर उन्हें पूरी जानकारी दी। रामविलास वेदांती ने बताया कि मुस्लिम आरक्षण के दिए गए बयान के बाद से फोन कॉल आ रहे हैं, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है।
रामविलास वेदांती अयोध्या आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक हैं। वे अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आवाज उठाते रहते हैं। राम मंदिर निर्माण का दावा कर हाल ही में रामविलास वेदांती ने कहा था कि 2019 के पहले कभी मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि जिस तरह मंदिर तोड़ने के लिए कोई इजाजत नहीं ली गयी थी, ठीक उसी तरह मंदिर बनवाने के लिए भी इजाजत की जरूरत नहीं है।
राम मंदिर निर्माण विवाद काफी समय से चल रहा है। इस पर हाल ही में दिए गए बयान में वेदांती ने कहा था कि अगर मंदिर नहीं बनता है, तो उनके पास इसका वैकल्पिक योजना है। जिस तरह एक रात में ही ढांचा धवस्त किया गया था, उसी तरह रातोंरात मंदिर का निर्माण कार्य भी शुरू हो सकता है। यहीं नहीं बल्कि मार्च में ही वेदांती ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण न होने पर आत्मदाह करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि अगर अगले साल तक अयोध्या में राम मंदिर नहीं बना, तो वह अगले साल आत्मदाह करेंगे।