मइया तेरे चरणों की, गर धूल जो मिल जाये…..
कस्बे की प्रतिभाओं ने भी मनमोहा, सभी ने सराहा…
पिहानी। सौरभ सिंह
गायत्री प्रज्ञा पीठ पिहानी में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा के विशेष पर्व पर वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। गुरुवार सायं से शुरू होकर रात्रि तक कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। जिसमें अन्य जिलों से आये कलाकारों सहित कस्बे की प्रतिभाओं ने भी आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ लेखाधिकारी योगेश पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों में लेखाधिकारी योगेश पांडेय, जिला स्तर पर अपने सराहनीय कार्यों व योगदान के लिए सम्मानित किए जा चुके आदर्श शिक्षक पंकज, मनीष मिश्रा आदि का स्वागत व्यवस्थापक देवेंद्र मिश्रा, तुलसीराम पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तिलक-वंदन करके किया गया। तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। जिसका प्रारम्भ गणेश जी के गीत पर प्रज्ञा कपूर व लवी मिश्रा ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति देकर किया। तत्पश्चात जहां कुमकुम रस्तोगी, यशिका गुप्ता ने ‘मैया यशोदा, ये तेरा कन्हैया’, नित्या टंडन, कनिष्का कपूर, प्रांजलि कपूर, तरु रस्तोगी, सोम कपूर ने ‘कान्हा सो जा जरा’ गीत पर, सेजल ओमर ने ‘राधा नाचेगी व नित्या टंडन ने ‘छलका छलका कलसे का पानी’ गीत पर अपनी प्रस्तुति देकर सभी का मनमोहा। वहीं कशिश मिश्रा, अपूर्वा ने ‘देश मेरा रंगीला’ गीत पर अपनी आकर्षक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में प्रयास भजन कीर्तन पार्टी के मुखिया मो. हनीफ और उनकी टोली ने ‘मइया तेरे चरणों की गर धूल जो मिल जाये’ व ‘तुमने आंगन नहीं बुहारा, कैसे आएंगे भगवान’ आदि गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांधा।
इस दौरान कार्यक्रम का संचालन गायत्री प्रज्ञा पीठ पिहानी के प्रमुख ट्रस्टी अतुल कपूर ने किया। कार्यक्रम के मध्य में पधारे अतिथियों को गुरु-साहित्य भेंट कर उनका सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में दर्जनों की संख्या में उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुति देखकर खूब तालियां बजायीं और उनकी हौसलाफजाई की।
वृहद सांस्कृतिक दल लखनऊ ने भी ‘राम ही राम’ सहित अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई। सत्येंद्र मैजिक ग्रुप ने भी तरह तरह के जादू दिखाए। जिसमें बच्चों के साथ बड़ों ने भी उनकी सराहना की।
इसके बाद नीतू पपेट ग्रुप लखनऊ ने कठपुतली कार्यक्रम प्रस्तुत कर बच्चों सहित सभी को खूब लोटपोट कराया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रज्ञा पीठ के प्रमुख ट्रस्टी अतुल कपूर ने सभी का आभार व्यक्त किया।
=====================================
हरदोई के शुक्ला ब्रदर्स ने गिटार से दी अनोखी प्रस्तुति..
भक्ति रस में रमे बच्चों के साथ बड़े भी हुए भावुक
गुरु और देश भक्ति से मिश्रित अनूठी प्रस्तुति की सभी ने की सराहना
पिहानी।
गायत्री प्रज्ञा पीठ पिहानी में आयोजित वार्षिक समारोह में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में हरदोई से आये शुक्ला ब्रदर्स विनायक शुक्ला, उत्त्तम शुक्ला, विदित शुक्ला ने गिटार से ही अपनी जबरदस्त प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं और सभी का मनमोहा। गुरु-वंदना से शुरू करके अनेक गीतों ‘जहां डाल डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा’, ‘ए वतन मेरे आबाद रहे तू’, ‘वंदे मातरम’, ‘हर करम अपना करेंगे’, शिव तांडव स्त्रोत’, ‘संदेशे आते हैं’ सहित कई गीतों की कड़ियों को एक साथ जोड़कर गिटार की मिश्रित और मनमोहक धुन के साथ जोड़कर इस प्रस्तुति को अनूठा बना दिया। जिसकी सभी ने भूरि भूरि प्रशंसा की। इस दौरान विनायक शुक्ला और विदित शुक्ला गायन में रहे जबकि उत्त्तम शुक्ला ने गिटार-वादन किया। प्रस्तुति के दौरान भक्ति रस में रमे बच्चों के साथ बड़े भी कई बार भावुक हो उठे। शुक्ला ब्रदर्स की इस प्रस्तुति के लिए उन्हें सम्मान भी दिया गया। तालियों की गड़गड़ाहट के साथ लोगों ने खूब सराहना की।
============================
गुरु-पूजन, यज्ञाहुति आदि क्रमों के साथ हुआ भंडारा
प्रज्ञा पीठ पर पंचकुंडीय यज्ञ सम्पन्न हुआ
सर्वजन-कल्याण के उद्देश्य से दर्जनों लोगों ने समर्पित की आहुतियां
पिहानी।
शुक्रवार को गायत्री प्रज्ञा पीठ पर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूजन, पूर्णाहुति, भंडारा आदि हुआ। जिसमें सुबह से ही वैदिक-मंत्रोच्चार के साथ पवित्रीकरण, मंगलाचरण, संकल्प से शुरू होकर गुरु-पूजन, देव-पूजन, यज्ञाहुति आदि के क्रमों के साथ पूर्णाहुति के बाद भंडारा हुआ। पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में यह कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का संचालन संगीतमय ढंग से हुआ। इस दौरान मंच संचालन टोली नायक मृदुल कपूर व उनकी टोली के अनु शर्मा, निखिल, सुनील सागर, नन्हें ने किया। पंचकुंडीय यज्ञ में बच्चों, पुरुषों तथा महिलाओं सहित दर्जनों लोगों ने यज्ञाहुति समर्पित करके सर्वे भवन्तु सुखिनः के स्वरों का उच्चारण कर सर्वजनहिताय के उद्देश्य से कामना की। तत्पश्चात पूर्णाहुति के बाद भंडारा हुआ। इस दौरान ऋषि, विवेक गुप्ता, पंकज, संजय सिंह, फूल सिंह यादव,अनिल राठौर, प्रदीप राठौर, देशराज, सुनील राठौर,उमेश श्रीवास्तव, रामजी, त्रिवेणी,सुमोध टंडन, अजय टंडन, कौशल किशोर, श्रीपाल, रामपाल, कमलेश गुप्ता, रमेश कुमार मिश्र, रामसेवक,आशुतोष ब्याला, राजेश, रामनाथ सूर्या, रजनीकांत त्रिपाठी आदि व्यवस्था में रहे।