हरदोई– अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिये हैं। इसी के तहत हरदोई जिले की नगर पंचायत कुरसठ में सोमवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद 39 मकानों व झोपड़ियों पर बुलडोजर चला है। नगर पंचायत के मोहल्ला जवाहर नगर में तालाब की जमीन पर अवैध भवनों का निर्माण व अतिक्रमण था। इसी जमीन को खाली कराने के लिए हाईकोर्ट के आदेश पर एसडीएम बिलग्राम नारायन सिंह, सीओ सतेंद्र सिंह, ईओ कुरसठ, माधौगंज, मल्लावां, सांडी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तालाब की जमीन पर बने 39 मकान, झोपड़ी, कारखाना आदि जमींदोज कर दिए गए।
एसडीएम ने बताया कि कुछ दिन पूर्व अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने का प्लान तैयार किया गया था। पुलिस बल के न मिलने के कारण इसे आगे टाला गया था। वहीं इस कार्रवाई से लोग में काफी नाराजगी है। इस कार्रवाई की जानकारी लोग को पहले ही दे दी गयी थी। मोहल्ले में जैसे ही जेसीबी मशीन चली पहुँची और गरीबों के घरौंदों को रौंदना शुरू किया वैसे ही मोहल्ले मे चीत्कार सुनाई देने लगी। लोग ने प्रशासन से समय देने की गुहार लगायी लेकिन अधिकारियों ने कहा कि मोहल्ले में मुनादी कराकर लोग को अलर्ट करने के बाद भी अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
नगर पंचायत कुरसठ की अधिशासी अधिकारी देवांशी दीक्षित ने बताया कि मोहल्ला अशोक नगर निवासी कमलेश कुमार की ओर से वर्ष 2020 में उच्च न्यायालय में वाद दाखिल किया था। इसी वाद पर उच्च न्यायालय ने तालाब की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाए जाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने आगे बताया कि बुलडोजर की कार्रवाई के लिए बिलग्राम एसडीएम नारायण सिंह ने नायब तहसीलदार मल्लावां, माधौगंज, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बिलग्राम, नगर पंचायत कुरसठ, थानाध्यक्ष माधौगंज, मल्लावां, राजस्व निरीक्षक नयागांव, तीन लेखपालों को नामित करते हुए टीम गठित की थी।
टीम को बुधवार को नगर पंचायत के तालाब की भूमि गाटा संख्या 1604-थ पर अवैध अतिक्रमण हटाने का पत्र जारी किया गया था। साथ ही, अतिक्रमणकारियों की सूची एसडीएम को प्राप्त करा दी गई थी। इसमें 39 व्यक्तियों के कच्चे और पक्के मकान, शौचालय और अस्थायी कब्जा है। कई लोग परिवार सहित रहते भी हैं।