पेटीएम के जरिए युवक के खाते से उड़ाये 54 हजार 

लगातार जानकारी के बावजूद भी ठग अपने जाल में फंसाकर लोगों के खाते से रुपये उड़ा रहे है। ऐसा ही एक मामला हरदोई की शाहाबाद कोतवाली में सामने आया है जिसमे एक ठग ने युवक के खाते से पेटीएम के माध्यम से 54 हजार रूपये उड़ा दिए। मामले की शिकायत पुलिस व बैंक में की गई है।
शातिर दिमाग व्यक्ति के द्वारा एक युवक के खाते से 54 हजार रूपये निकाल लिए जाने का यह नया मामला कोतवाली शाहाबाद क्षेत्र का है जहां पीड़ित द्वारा कोतवाली में तहरीर दी गई है। पीड़ित मुस्तखाब अली पुत्र सुजात अली निवासी जंगलिया द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर मेंबताया गया है कि उसके इलाहाबाद बैंक खाता शाहाबाद से 30 और 31 मई को 54 हजार रूपये निकाले गये।
जब वह अपने खाते में पैसा निकालने गया तो उसे पता चला कि उसके खाते से 54 हजार रूपये निकाले जा चुके है। उन्होंने बताया कि एक युवक को उन्होंने बैंक का अकाउंट नंबर और IFSC कोड बताया था क्योंकि जो मोबाइल नंबर बैंक में फीड है वह उनकी मां के पास रहता है इसी कारण उनको मैसेज आने की जानकारी नहीं हो पाई। जब उन्होंने मां के पास मौजूद मोबाइल के मैसेज देखे तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन इलाहाबाद बैंक के मैनेजर के पास गए और अपना खाता बंद करवाया। युवक ने इसकी सूचना कोतवाली शाहबाद में दी है ।इलाहाबाद बैंक के मैनेजर ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना हेड ऑफिस को दे दी है जो भी संभव होगी युवक की मदद की जाएगी।