रंगारंग कार्यक्रम के साथ पुलिस लाइन में मनाया गया गणतंत्र दिवस   

गणतंत्र दिवस पर रंगारंग कार्यक्रमों के बीच पुलिस लाइन में आज गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ । ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने परेड की सलामी ली । पुलिसलाइन में गणतंत्र दिवस के आयोजन में कई प्रमुख स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान समां बांध दिया । मंत्री अनिल राजभर ने जिले के कई थाना प्रभारियों और अन्य कर्मचारियों को सम्मानित भी किया । कार्यक्रम में कुछ माह पूर्व अपनी जान जोखिम में डालकर एक घर मे लगी आग में घुसकर गैस सिलेंडर निकालने व आग बुझाने में मदद करने वाले पत्रकार विनोद वर्मा को भी मंत्री ने सम्मानित किया।

              हरदोई जिले में गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह प्रभात फेरी निकाली गई। सरकारी, गैरसरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और संविधान में उल्लेखित संकल्प को दोहराया गया। स्कूलों, संस्थाओं में राष्ट्रीय एकता विषय विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। मंत्री अनिल राजभर ने अपने सम्बोधन में कहा कि संकल्प संविधान का सार है। मानव मूल्यों की समस्त अच्छाई हमारे गणतंत्र में है। देश को महान, उन्नत, गौरवशाली बनाने के लिए हम सभी अपने दायित्व का पूर्ण रुप से निर्वहन करें। कानून का पालन दृढ़ता से करें। हम इतना नम्र और सज्जन बने कि मेरे स्वभाव में कानून का पालन हो। कानून के प्रति आदर भाव रखें। राष्ट्रीयता का भाव मजबूत करें।पुलिस लाइन में परेड का भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रुप में मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी। इस अवसर पर उत्कृष्ठ, अच्छा व मेडल प्राप्त पुलिस अधिकारियों, कार्मिकों को सम्मानित किया गया।परेड में सशस्त्र पुलिस बल, महिला पुलिस,चीता मोबाइल, फॉरेंसिक लैब, अग्निशमन आदि की टुकड़ियों ने भव्य प्रदर्शन कर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
               परेड के बाद पुलिस लाइन के ग्राउन्ड में विभिन्न स्कूली बच्चों ने राष्ट्र प्रेम, देश भक्ति, महिला उत्थान विषयक अनेक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिन्हें जनसमुदाय ने खूब सराहा और कलाकरों का तालियों की गड़गड़ाहट से भरपूर उत्साहवर्धन किया। मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी सम्मानित किया। इस दौरान डीएम पुलकित खरे, एसएसपी विपिन कुमार मिश्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।