गोरखपुर और फूलपुर सीट पर होने वाला उपचुनाव में सियासी पत्ते खुले

गोरखपुर और फूलपुर सीट पर होने वाला उपचुनाव सभी पार्टियों के लिए 2019 के पहले परीक्षा जैसा है। उपचुनाव की घोषणा होने के बाद से ही लामबन्दी शुरू हो गयी थी । अब सियासी पत्ते खुलने लगे हैं । कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी पहले ही घोषित कर दिेए थे । सुरहीता करीम को गोरखपुर से और फूलपुर से मनीष मिश्र लोगों से हाथ थामने की अपील करेंगे ।

सपा कार्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सपा प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है । गोरखपुर सीट के लिए अखिलेश यादव ने इंजीनियर प्रवीण कुमार निषाद को उप चुनाव का प्रत्याशी घोषित किया है । समाजवादी पार्टी के मंच पर अखिलेश के साथ पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अयूब और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डा.संजय निषाद भी मौजूद थे । इस दौरान दोनों ही नेताओं ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुने गये प्रत्याशी को अपना समर्थन देने का ऐलान किया । कांग्रेस के बाद सपा ने अब जाकर अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया है। भाजपा के प्रत्याशी भी घोषित कर दिए गए थे । फूलपुर पर कमल का फूल कौशलेन्द्र सिंह पटेल के हाथ होगा वहीं उपेन्द्र दत्त शुक्ल योगी जी की विरासत के वारिस बनाए गए हैं  । बसपा प्रमुख लगता है इस बार भी उपचुनाव में न उतरने की परिपाटी कायम रखना चाहेंगी ।