ट्रैक्टर लेकर डीएम आफिस पर किसान यूनियन ने किया प्रदर्शन

               नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनटीजी) द्वारा 10 साल पुराने ट्रैक्टरों पर पाबंदी के विरोध में किसानों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में ट्रेक्टर लाकर प्रदर्शन किया और इस कानून को किसान को कुचलने वाला बताते हुए हर सम्भव विरोध की बात कही।किसानों व किसान नेताओं ने एक ज्ञापन भी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
              ट्रैक्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे भाकियू के पदाधिकारियों ने कहा कि  काले कानून को किसान बर्दाश्त नहीं करेगा।उन्होंने कहा कि किसानों ने इस कानून का विरोध नहीं किया, तो उन्हें पुराने ट्रैक्टरों से हाथ धोना पडे़गा।कहा कि यह मुद्दा किसानों की भावना से जुड़ा है। परिवार में पुश्तैनी वाहन पर पाबंदी लगाने से किसानों में आक्रोश है।
              किसान नेताओं ने बताया कि सरकार किसानों की फसलों का रुपया तो मिल मालिकों से समय पर दिला नहीं पा रही है। अब प्रदूषण को लेकर किसानों के 10 साल पुराने ट्रैक्टर को भी बंद किया जा रहा है। अगर सरकार को प्रदूषण को लेकर वाहनों को बंद ही करना है तो एसी कारों और पुराने चल रहे डग्गामार वाहनों को बंद करे। किसान प्रदूषण फैलाने के खिलाफ हैं। वे साल भर में कुछ ही दिन ट्रैक्टर चलाते हैं। उन्‍होंने मांग की कि किसानों को सरकार 10 साल पुराने ट्रैक्टर के बदले नये ट्रैक्टर दे। इस तरह से वे पुराने ट्रैक्टर नहीं चलाएंगे।