योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर विवादित बयान देकर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजभर ने वाराणसी में कहा कि रेप आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर से बीजेपी को बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर वह मेरे पार्टी में होता तो मैं उसे कब का पार्टी से बाहर निकाल दिया होता। अप्रत्यक्ष रूप से उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सेंगर कीकरतूत से जनता के बीच भाजपा पार्टी और नरेंद्र मोदी के प्रति गलत संदेश गया है। जिसका भुगतान पार्टी को आगामी चुनाव पर भरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आश्चर्य है कि भाजपा ने अभी तक अपने विधायक के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं की है। सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्नाव प्रकरण से सरकार की काफी किरकिरी हुई है। राज्य मुख्यालय पर राजभर के बयान को लेकर भाजपा में जमकर प्रतिक्रिया हो रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राजभर ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर तंज कसकर गलत कार्य किया है। सरकार में रहते हुए उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिये।
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
गौरतलब है कि भाजपा के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजभर मंत्री बनने के बाद से लगातार भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमलावर रहे हैं। राजभर ने अमेठी को कैलिफोर्निया बना देने वाले राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया के बहाने अप्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सब चुनावी जुमलेबाजी है।