एशियाई जूडो चैंपियनशिप में भारत ने पुरुषों और महिलाओं की टीम ट्रॉफी जीती

नेपाल में आठवीं एशियाई जूडो चैंपियनशिप में भारत ने पुरुषों और महिलाओं की टीम ट्रॉफी जीत ली है। अपने विजय अभियान को जारी रखते हुए भारतीय महिलाओं ने चैम्पियनशिप के सभी मुकाबले जीत लिये। टीम स्‍पर्धा के फाइनल में उन्‍होंने मेजबान नेपाल को बड़ी आसानी से पांच-शून्‍य से हरा दिया।

उधर, भारतीय पुरूष टीम को पाकिस्‍तान से जीत के लिए संघर्ष करना पड़ा। कड़े मुकाबले में उन्‍होंने पाकिस्‍तानी जूडो खिलाडि़यों को फाइनल में तीन-दो से शिकस्‍त दी। पूरी चैम्पियनशिप में भारतीय महिलाएं छाई रही। उन्‍होंने व्‍यक्तिगत स्‍पर्धाओं के सभी सातों स्‍वर्ण पदक हासिल किये, जबकि पुरूषों ने तीन स्‍वर्ण और तीन कांस्‍य पदक जीते। व्‍यक्तिगत स्‍पर्धाओं की पदक तालिका में भारत 10 स्‍वर्ण और तीन कांस्‍य पदकों के साथ पहले स्‍थान पर रहा। मेजबान नेपाल को दूसरा और पाकिस्‍तान को तीसरा स्‍थान मिला।