गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नाटक में कानून और व्यवस्था की विफलता के लिए सिद्दारमैया सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उडुपि जिले के कारकल में चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा राज्य को आवंटित राशि निर्धारित कार्यों के लिए इस्तेमाल नहीं की गई। पार्टी के चुनाव प्रभारी मुरलीधर राव ने बेंगलूरू में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी बुधवार को हमारा आवास भाजपा का आवास है अभियान शुरू करेगी।
मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने मैसूरू में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वे अपने राजनीतिक जीवन में पहली बार दो निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। सिद्दारमैया कल बदामी से नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने बेंगलूरू में कहा कि जनता दल सेक्युलर भाजपा की बी टीम है। बीजेपी राज्य अध्यक्ष बी.एस.येडियुरप्पा के पुत्र विजेन्द्र ने वरूणा मत क्षेत्र से लड़ने का निर्णय वापिस ले लिया है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के बेटे डॉ. यतिन्द्रा के खिलाफ उनका चुनाव संघर्ष तय हुआ था। मगर आज अचानक उनको चुनावी क्षेत्र से बाहर आने का निर्देश दिया गया। इस नतीजे के बाद वरूणा में आज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध व्यक्त किया। कांग्रेस विधायक अम्बरीष ने भी मंडया से चुनाव न लड़ने का फैसला लिया है। कल नाम पत्र भरने का अंतिम दिनांक है।