समितियां बुनकरों के हित में कार्य करे तथा समिति के लाभ से उन्हें भी हिस्सा दिया जाये – जिलाधिकारी

महिलाओं को आजिविका मिशन के तहत समूह बनाकर काम करने की सलाह देंः- खरे

                   कल विकास खण्ड मल्लावां में जिला उद्योग केन्द्र की ओर से आयोजित मल्लावां, सण्डीला एवं गौसगंज के बुनकर समिति के प्रतिनिधियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने समिति के प्रतिनिधियों से कहा कि समितियां बुनकरों के हित में कार्य करे तथा समिति के लाभ से उन्हें भी हिस्सा दिया जाये।
                    जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग केन्द्र लालजीत सिंह से कहा कि बुनकरों के हित में चलायी जा रही योजनाओं से उन्हें लाभान्वित किया जाये। उन्होने समिति के प्रतिनिधियों से कहा कि वह अपने बुनकरों का बीमा अवश्य करायें तथा घर की माहिलाओं को आजिविका मिशन के तहत समूह बनाकर कार्य करने की सलाह दें जिससे उनके घर की आमदनी बढ़ेगी। बैठक में जिलाधिकारी एलडीएम, डीसी एनआरएलएम से कहा कि बुनकरों की बैंक एवं समूह तथा पेंशन आदि समस्याओं को हल करने के लिए प्रत्येक माह मल्लावां एवं सण्डीला में कैम्प करायें ताकि बुनकरा अपनी समस्याओं को आसानी से हल करा सके।
                      जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग केन्द्र से कहा कि जो समितियां अच्छा कार्य कर रही है तथा समय से आडिट कराने के साथ बुनकरों को फायदा पहुंचा रही है उन्हें प्रोत्साहित किया जाये तथा खराब समितियों को निरस्त करें। केवल 300 बुनकरों का बीमा होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अधीक्षक हथकरघा एके निगम को निर्देश दिये सभी बुनकरों का बीमा करायें। जिलाधिकारी ने मल्लावां के काजी टोला में बुनकरों के घर जाकर उनके द्वारा किये जा रहे कार्य को देखा तथा उनको मिलने वाली मजदूरी आदि के बारे में पूछा। उन्होने सईद अहमद बुनकर द्वारा 50 हजार का लोन लेकर 8 सिलाई मशीनों के माध्यम से स्वयं स्थापित किये गये कारखाने को देखा।