आंधी-तूफान, भारी वर्षा और ओलावृष्टि से जुड़ी घटनाओं में मृतकों की संख्या 120 से भी ज्यादा बतायी जा रही है । इसके अलावा 100 से भी अधिक घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में आए आंधी-तूफान में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने संदेश में श्री कोविंद ने कहा है कि प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता के लिए कदम उठा रहा है। श्री मोदी ने अधिकारियों से राज्य सरकारों के साथ समन्वय करने तथा प्रभावित लोगों की मदद करने को कहा है।
उत्तरप्रदेश में आंधी-तूफान, भारी वर्षा और ओलावृष्टि से जुड़ी घटनाओं में मृतकों की संख्या 74 हो गई है। आंधी-तूफान से दीवारों के गिरने, पेड़ों के गिरने और टी शैड की चपेट में आने से लोगों की मृत्यु हुई है। मिर्जापुर जिले में चार लोगों के मरने की खबर है जबकि बिजनौर, कानपुर देहात और हमीरपुर में तीन-तीन लोगों की जान गई है। इलाहाबाद, ईटावा, रामपुर, चित्रकूट, मथुरा, अमरोहा, कन्नोज, बांदा, कानपुरनगर, सीतापुर और संभल जिलों से एक-एक व्यक्ति के मरने के समाचार हैं। प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को चिकित्सकीय सहायता और पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। प्रभावित जिलों में बिजली की आपूर्ति और संचार सेवाओं पर भी असर पड़ा है। राजस्थान में कल आए भीषण तूफान में मरने वालों की संख्या 32 हो गई है और दो सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एक सौ से अधिक मवेशी भी मारे गये हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भरतपुर, धौलपुर और अलवर जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
राजस्थान में तेज आंधी से भरतपुर, दौलपुर और अलवर जिलों में जान-माल का सबसे अधिक नुकसान हुआ है। भरतपुर में 19, दौलपुर में 9, अलवर जिले में 9 और झुंझुनू में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। तेज़ आंधी से बिजली के हजारों खम्भे और ट्रांसफार्मर गिर गए हैं जिससे सैंकड़ों गांव में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप्प हो गई है। प्रशासन बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल करने में जुटा है। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। गृहमंत्री गुलाब सिंह कटारिया ने बताया है कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे कल प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगी।
मौसम विभाग ने चक्रवाती हवाओं के कारण अगले 48 घंटों में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में फिर से तेज बारिश होने और आंधी-तूफान के आने की चेतावनी जारी की है। उपग्रह के चित्रों में दर्शाया गया है कि राजस्थान में हवा का दबाव बनने से तेज हवा के साथ धूल भरी आंधी आ सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बीकानेर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, झुनझूनू, सवाई माधोपुर, सीकर, श्रीगंगानगर और जैसलमेर जिलों के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, तेज बारिश तथा ओलावृष्टि हो सकती है।