हरदोई- शासन के निर्देशानुसार की ग्राम पंचायत विकास योजना : जी0पी0डी0पी0 की वर्ष 2019-20 की वार्षिक कार्य योजना तैयार करने से पूर्व योजना के व्यापक प्रचार एवं योजना संबंधी आवश्यक जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्वेश्य से विकास भवन के स्वर्ण जयंती सभागार में इलेक्ट्रानिक एवं प्रिन्ट मीडिया बन्धुओं की कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने मीडिया बन्धुओं को अवगत कराया कि भारत सरकार द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले सभी 29 विकास कार्यो की रूप रेखा तैयार करने एवं योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने के उद्वेश्य से आम जन की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी जिसके लिए ग्राम स्तर पर पांच सदस्यीय टीमों का गठन कर उनकों प्रशिक्षण दिया गया है और टीम, ग्राम स्तर के अधिकारी, प्रधान, सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग गांव में मौसम के अनुकूल होने वाले कार्यो का निरीक्षण करने के साथ उस ग्राम पंचायत व उसके मजरों की बस्ती, सड़क, चिकित्सालय, स्कूल आदि का नक्शा तैयार करेगी और सभी की सहमति से वहां होने वाले विकास कार्यो का विवरण अपने विभाग को प्रस्तुत करेगें।
उन्होने बताया कि ग्राम पंचायत योजना के 77 संशोधन में प्राविधान किया गया है कि विकास के सभी 29 विभाग के ग्राम पंचायत स्तर के सभी अधिकारी/कर्मचारी समन्वय बनाकर अपने विभाग की योजनाओं को सहमति के संयुक्त रूप से प्रस्तुत करेगें। श्री सिंह ने बताया कि यह योजना 01 अप्रैल 2019 से लागू की जायेगी और इसके लिए ग्राम पंचायत की पंचायत भवनों को ठीक कराकर जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम स्तर अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह पंचायत भवन में निर्धारित दिन पर उपस्थित होकर ग्रामीणों के पेंशन, आवास, शौचालय, स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास, आय-जाति व जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र आसानी प्राप्त करायें। उन्होने उपस्थित मीडिया बन्धुओं से अपील की ग्राम पंचायत योजना के सम्बन्ध में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर सरकार की योजनाओं के बारे में आम जन को जानकारी दें। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने आम जन को जागरूक करने हेतु उपस्थित अधिकारियों एवं मीडिया बन्धुओं को शपथ दिलाई।
कार्यशाला में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला नलकूप अधिकारी, डी0सी0 मनरेगा, सहायक निदेशक कुमकुम शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी महेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी व इलेक्ट्रानिक व प्रिन्ट मीडिया के बन्धु मौजूद रहे।