हरदोई 02 मार्च- सांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्कूल की होर्डिंग लगवाने आए युवक की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। इसके बाद उसके साथ में आए अन्य लोग मौके से भाग निकले। काफी देर बाद पहुंचे स्कूल प्रबंधक ने युवक को मृत अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसके परिजनो को जानकारी दी। अपने बेटे की मौत पर पिता ने स्कूल प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला सुल्हाड़ा निवासी अरशद (25) पुत्र मोहम्मद जाबिर नगर में ही प्रदीप गुप्ता के स्कूल में कार्यरत था। प्रदीप के अनुसार उसको चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के तौर पर रखा गया। शुक्रवार को स्कूल से एक पिकप होर्डिंग लादकर सांडी इलाके में लगाने के लिए निकला। प्रबंधक की माने तो युवक होर्डिंग लगवाते हूए टूटे तार की ओर चला गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया। इसी के चलते उसकी मौत हो गई। इससे सहमे उसके साथ में मौजूद लोग भागकर प्रबंधक के पास पहुंचे और जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रदीप मौके पर पहुंच गया। अरशद को मृत हालात में देर रात जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता जाबिर ने बताया कि स्कूल प्रबंधक की लापरवाही के चलते होर्डिंग लगाने के दौरान उसका बेटा करंट की चपेट में आया है। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के परिवार में भाई राशिद व बहन फहरीन फातिमा बताई गई है।