पिहानी कस्बे में शाहाबाद तिराहे के नजदीक अपनी मौसेरी बहन के साथ दवाई लेकर घर वापस जा रही किशोरी की ट्रक से टक्कर लग जाने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उधर, टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला लेकिन हरियावां थाना क्षेत्र में उसे पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुमई निवासिनी किशोरी सत्या पुत्र दयाराम अपनी मौसेरी बहन डॉली निवासिनी मंसूरनगर के साथ दांत दर्द की दवाई लेने पिहानी आई थी। दवाई लेने के बाद वह तांगे से अपनी मौसी के यहां मंसूरनगर गांव जा रही थी। जैसे ही तांगा कस्बे के शाहाबाद तिराहे के नजदीक पहुंचा कि पीछे से तेज स्पीड से आ रहे ट्रक ने तांगे में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्या मुंह के बल सड़क पर जा गिरी। आनन-फानन में जब उसे सीएचसी पिहानी इलाज के लिए लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि ट्रक चालक को हरियावां थाना क्षेत्र में पकड़ लिया गया है।