नव-नियुक्त शिक्षकों के सम्मान समारोह का किया गया आयोजन

आदित्य त्रिपाठी (सहा० अध्यापक, प्रतापपुर, कोथावां)

आदित्य त्रिपाठी (निदेशक, आईवी २४ न्यूज़)

उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ हरदोई की कोथावाँ इकाई द्वारा ब्लाक संसाधन केन्द्र पर नव-नियुक्त शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया । इस आयोजन में हरियावां, टड़ियावां, सुरसा, अहिरोरी व कोथावाँ के खण्ड शिक्षाधिकारियों ने नव-नियुक्त शिक्षकों को सम्बोधित किया । शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए खण्ड शिक्षाधिकारी टड़ियावाँ डा. सत्यप्रकाश यादव ने कहा कि शिक्षक पद के अपने विशिष्ट दायित्व हैं और हमें इन दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना है ।

खण्ड शिक्षाधिकारी हरियावाँ फूलचन्द ने कहा कि सभी शिक्षक हमारे परिवार का हिस्सा हैं । साथ ही सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए खण्ड शिक्षाधिकारी अहिरोरी चन्द्रशेखर यादव ने बताया कि उनकी भी प्रारम्भिक शिक्षा परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में हुई है, अपने गुरुजनों के आशीर्वाद से ही वह आज यहाँ तक पहुँचे हैं । उन्होंने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि वह विद्यालय में ऐसा वातावरण निर्मित करें जिससे शिक्षार्थी व समाज प्रेरणा ले । शिक्षक ही बच्चे की प्रतिभा पहचान कर उसे सही दिशा देने का काम करते हैं, इसी कारण समाज में शिक्षक का पद भगवान से भी ऊपर माना गया है ।

खण्ड शिक्षाधिकारी सुरसा भगवान राव ने शिक्षकों से कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है । उन्होंने कहा कि जब हमें यह पता चलता है कि हमारे शिष्य हमारे दिखाए रास्ते पर आगे बढ़कर उच्च पदों पर आसीन होते हैं तो उस समय हमें जिस अप्रतिम आनन्द की अनुभूति होती है उसे शब्दों में बता पाना असम्भव है ।

खण्ड शिक्षाधिकारी कोथावाँ विनय कुमार मिश्र ने कहा कि आप सभी लोग युवा हैं और लम्बे संघर्ष के बाद यहाँ तक पहुँचे हैं । हम उम्मीद करते हैं कि आप सब अपनी योग्यता का उपयोग करते हुए कोथावाँ को प्रेरक ब्लाक के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने शिक्षकों को अपनी भुजाएँ बताते हुए कहा कि आप सबके आने से मैं अब और सामर्थ्यवान हो गया हूँ। कार्यक्रम का सञ्चालन कुलदीप मिश्र ने किया । इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाॅक महामन्त्री विनोद कुमार सिंह ने खण्ड शिक्षाधिकारियों से 31000 शिक्षक भरती के सत्यापन एवम् नव-नियुक्त शिक्षकों की कार्यभार ग्रहण आख्या पर हस्ताक्षर करने के कार्य को गति प्रदान करने का निवेदन किया एवम् कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया । इस आयोजन में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष प्रभाशंकर, कोषाध्यक्ष अरविन्द प्रताप सिंह सहित प्रदीप सिंह, राजेश कामले,अजय सिंह, हेम सिंह, राहुल कुमार, योगेश कुमार, केशव सिंह आदि शिक्षक उपस्थित रहे ।