कछौना (हरदोई) : कोरोना ने एक बार फिर से सिर उठा लिया है। कोरोना से लड़ने के लिए सरकार के प्रयास नाकाफी हैं। आम जनता की भागीदारी से मानवता बचेगी। संकट की घड़ी में लोग एक दूसरे की मदद को आगे आ रहे हैं।
ऐसा एक वाकया कछौना के लखनऊ हरदोई मार्ग पर जनता इण्टर कॉलेज के सामने सड़क के किनारे कड़कड़ाती धूप में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक नग्न अवस्था में पड़ा था। इस धूप में बिना पानी के शायद उसका जीवन खत्म हो जाता, स्थानीय नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए इमरजेंसी सेवा 108 पर सहायता के लिए काल की। एंबुलेंस चालक जितेंद्र कुमार, दीननरायण, एम०टी० अनिल कुमार ने उसे कड़कड़ाती धूप से उठाकर छाया में बैठाया, जहां पर स्थानीय नागरिकों ने उसे कपड़े पहनाये। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में भर्ती कराया गया। काफी देर धूप में पड़े होने के कारण वह अचेत अवस्था में हो गया था। उसकी पहचान नहीं हो सकी।
ड्यूटी पर तैनात डॉ० शक्ति भूषण चंद्र ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल को रिफर कर दिया। स्थानीय नागरिकों की छोटी पहल से एक युवक का जीवन बचाने में योगदान किया गया। लोगों के अंदर आज भी इंसानियत जिंदा है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता