प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल उत्तरप्रदेश के वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के पहले चरण में नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ने सभी से कल के कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा में अपार वृद्धि होगी। श्री मोदी ने कहा कि कल एक ऐतिहासिक दिन है।
इस परिसर का निर्माण करीब 339 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। परियोजना के पहले चरण में कुल 23 भवन बनाए गए हैं। इसमें काशी विश्वनाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें यात्री सुविधा केंद्र, मुमुक्षु भवन, भोग शाला, संग्रहालय, देखने वाली दीर्घा, रेस्तरां और अन्य कई तरह की सेवाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री की काफी समय से यह इच्छा थी कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को भीड़-भाड़ वाली गलियों और आसपास के इलाके से होने वाली दिक्कतों से छुटकारा दिलाया जा सके। इससे वह आसानी से गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगा सकें और गंगाजल लाकर मंदिर में चढ़ा सकें। श्री मोदी की इस इच्छा को श्रीकाशी विश्वनाथधाम परियोजना के रूप में मूर्त रूप दिया गया है।