बंदरों के झुंड ने छत पर मासूम पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

कछौना (हरदोई) : कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बंदरों के झुंड ने छत पर खेल रहे एक डेढ़ वर्षीय मासूम पर पिछले सप्ताह हमला कर दिया था। जिसमें मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया था। मासूम ने शनिवार की रात लखनऊ के ट्रामा सेंटर में अंतिम सांस ली। डॉक्टरों के काफी प्रयास के बाद भी मासूम जिंदगी की जंग हार गया।

बतातें चलें कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुकुही के हथौड़ा मार्ग स्थित मोहल्ला रामनगर निवासी अनूप गुप्ता (एलआईसी अभिकर्ता) का डेढ़ वर्षीय पुत्र कृष्णम पिछले सप्ताह छत पर खेल रहा था, इसी दौरान बंदरो ने मासूम पर हमला कर दिया। जिसके बाद मासूम छत से नीचे गिर गया। परिजन आनन फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां पर मासूम की हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने इलाज हेतु लखनऊ के ट्रामा सेंटर को रिफर कर दिया था। एक सप्ताह से जिंदगी मौत की जंग लड़ रहे मासूम ने शनिवार की रात लखनऊ के ट्रामा सेंटर में अंतिम सांस ली। इस घटना से परिवार के ऊपर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता